Saturday, 21 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

झारखंड: फ्लैट खरीदने से पहले जान लें अपने अधिकार, झारेरा ने बनायी डॉक्यूमेंट्री

INT News20 November 2026 at 10:49 pm

रांची. झारखंड में फ्लैट खरीदने वालों को उनके अधिकारों और बिल्डरों की जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के लिए झारखंड भू-संपदा नियामक प्राधिकार (झारेरा) ने डॉक्यूमेंट्री फिल्म तैयार करायी है. शुक्रवार को इस लघु वृत्तचित्र का लोकार्पण किया गया. फिल्म के माध्यम से आम लोगों के साथ बिल्डरों, प्रमोटरों, बैंकर्स और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े अन्य पक्षों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और दायित्वों की जानकारी दी जायेगी.

सरल तरीके से समझाये गये जटिल नियम

इस डॉक्यूमेंट्री में पिछले करीब एक दशक के दौरान झारेरा की ओर से जनहित में किये गये कार्यों और प्राधिकार की भूमिका को सरल वृत्तकथा के रूप में प्रस्तुत किया गया है. इसका उद्देश्य रियल एस्टेट से जुड़े जटिल नियमों और प्रक्रियाओं को आम लोगों तक सहज तरीके से पहुंचाना है. फिल्म के जरिये खरीदारों को यह समझाने का प्रयास किया गया है कि फ्लैट खरीदने से पहले और खरीद के बाद उन्हें किन अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए. साथ ही बिल्डरों और प्रमोटरों को भी अपनी जिम्मेदारियों की जानकारी मिल सकेगी.

सभी पक्षों को होगा लाभ

झारेरा के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने उम्मीद जतायी कि डॉक्यूमेंट्री देखने के बाद फ्लैट खरीदारों के साथ बिल्डर और प्रमोटर भी अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे. इससे रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े सभी पक्षों को लाभ होगा. फिल्म का निर्माण आलोक भारती कम्युनिकेशन ने किया है. इसके निर्माण में झारेरा अध्यक्ष अजय कुमार सिंह, सदस्य नलिन कुमार, विधि सलाहकार रंजीत कुमार चौधरी, सचिव सुरजीत मुखर्जी, कार्यपालक अभियंता चंदन कुमार और झारेरा परिवार का योगदान रहा.