समाचार · झारखंड
कहीं महिलाओं को ट्रैक्टर तो कहीं मिला ऋण, रांची में आत्मनिर्भरता पर जोर

रांची. झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं. प्रखंडों में शिक्षा, नशामुक्ति, कृषि, पशुपालन, खेल और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं. पंचायतों में प्लास्टिक मुक्त अभियान के साथ ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की जा रही है.
मुद्रा योजना से महिलाओं को आर्थिक मदद
झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक की जमुदाग शाखा की ओर से प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत पांच दीदियों को एक-एक लाख रुपये का ऋण दिया गया. वहीं, जेएसएलपीएस के माध्यम से तमाड़ में सखी मंडल को मुख्यमंत्री ट्रैक्टर योजना के तहत ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया. अनगड़ा की एक महिला समिति ने 30 डिसमिल जमीन पर गेंदा फूल की खेती कर 42 हजार रुपये की बिक्री की. कांके के नेवरी सीएलएफ को छह लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि दी गयी.
प्लास्टिक मुक्त अभियान और पशुपालन को बढ़ावा
पंचायती राज विभाग के निर्देश पर जिले की पंचायतों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, दुकानों और हाट-बाजारों में एकल उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया. लोगों को जूट के थैले अपनाने और प्लास्टिक कचरे के संग्रहण व पृथक्करण के लिए प्रेरित किया गया. पशुपालन क्षेत्र में जिलेभर में 3,801 बकरियों का टीकाकरण किया गया. इसके अलावा 2,238 लाभार्थियों का ई-केवाइसी और 126 स्वयं सहायता समूहों के कट-ऑफ शिविर आयोजित किये गये.
13 प्रखंडों में होंगे रक्तदान शिविर
स्वास्थ्य जागरूकता के तहत 23 से 27 नवंबर तक जिले के 13 प्रखंडों में रक्तदान शिविर आयोजित किये जायेंगे. इन शिविरों के माध्यम से रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जायेगा.