समाचार · मध्य प्रदेश
भोपाल में 25 नवंबर से रोशनपुरा-राजभवन रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट:मेट्रो निर्माण के चलते 20 दिन तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था; बड़े वाहन बाणगंगा होकर गुजरेंगे
भोपाल में मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य के चलते 25 नवंबर से रोशनपुरा चौराहे से राजभवन तिराहे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। यहां निर्माण कार्य के चलते 20 दिन तक वाहन परिवर्तित मार्ग से गुजरेंगे। नगरीय यातायात पुलिस ने इसके लिए डायवर्शन प्लान जारी किया है। पहले चरण में रोशनपुरा चौराहे से राजभवन तिराहे तक निर्माण कार्य किया जाएगा। मेट्रो का निर्माण कार्य रोशनपुरा चौराहे से मुगल बाजार, जहांगीराबाद (जैन मंदिर) तक तीन चरणों में प्रस्तावित है। पहले चरण में रोशनपुरा से राजभवन, दूसरे चरण में राजभवन से कंट्रोल रूम तिराहा और तीसरे चरण में कंट्रोल रूम तिराहे से मुगल बाजार, जहांगीराबाद चौराहे तक काम होगा। इस रास्ते से गुजरेंगे वाहन रोशनपुरा चौराहे से राजभवन (गांधी पार्क तिराहा) की ओर जाने वाले वाहन बाणगंगा चौराहा, केएन प्रधान तिराहा और मछलीघर होकर गुजर सकेंगे। वहीं, लिंक रोड-1 से आने वाले वाहन अंकुर स्कूल, रमेश टेलर और नरेश बटन भंडार होते हुए रोशनपुरा पहुंच सकेंगे। बड़े वाहनों को बाणगंगा से जाना होगा
विधानसभा, मंत्रालय और बिड़ला मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते संकरे होने के कारण इस मार्ग पर केवल दोपहिया और चारपहिया वाहनों को ही आवागमन की अनुमति रहेगी। ये वाहन एमएल रेस्ट हाउस, मालवीय नगर तिराहा, गांधी पार्क तिराहा और मछलीघर होकर जा सकेंगे। जबकि बड़े और मध्यम आकार के वाहन रोशनपुरा चौराहा और बाणगंगा के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से परिवर्तित मार्गों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। किसी भी तरह की असुविधा होने पर यातायात पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 और 0755-2443850 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 7587602055 पर भी शिकायत या सूचना दी जा सकती है।