Saturday, 21 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

Jaunpur News: जौनपुर में 22 नवंबर को होगा ब्लैक आउट, बजेगा हवाई हमले का सायरन, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

INT News20 November 2026 at 11:46 pm

Jaunpur Blackout Mock Drill: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में 22 नवंबर को शाम छह बजे हवाई हमले का सायरन बजेगा और कुछ निर्धारित इलाकों में ब्लैक आउट किया जाएगा. दरअसल, किसी भी आपातकालीन स्थिति और संभावित आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए प्रशासन की ओर से वृहद मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है. नागरिक सुरक्षा विभाग पुलिस लाइन में इस अभ्यास का आयोजन करेगा. इसमें हवाई हमले की चेतावनी देने से लेकर राहत एवं बचाव कार्यों तक का अभ्यास किया जाएगा. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस दौरान घबराएं नहीं, क्योंकि यह केवल मॉक ड्रिल का हिस्सा होगा.

शाम 6 बजे शुरू होगा मॉक ड्रिल, 6:05 बजे बजेगा सायरन

नगर मजिस्ट्रेट एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा महीपाल सिंह ने बताया कि 22 नवंबर को शाम छह बजे सामान्य जनजीवन के प्रदर्शन के साथ मॉक ड्रिल शुरू होगी. इसके पांच मिनट बाद यानी शाम 6:05 बजे हवाई हमले का रेड अलर्ट जारी किया जाएगा. इस दौरान दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा. इसके साथ ही पुलिस लाइन और आसपास के निर्धारित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी. इस तरह इलाके में ब्लैक आउट का अभ्यास किया जाएगा.

6:30 बजे पहुंचेगी NDRF-SDRF की टीम

मॉक ड्रिल के दौरान राहत और बचाव कार्यों का भी अभ्यास किया जाएगा. शाम 6:30 बजे एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचेंगी और राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभालेंगी. अभ्यास में घायलों को सुरक्षित निकालने और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव कार्य करने की प्रक्रिया भी शामिल रहेगी.

21 नवंबर को होगी मॉक ड्रिल की रिहर्सल

इस बड़े अभ्यास की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें संबंधित विभागों को जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए. एडीएम ने कानून-व्यवस्था, यातायात, बिजली, स्वास्थ्य, अग्निशमन, पुलिस सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां पूरी रखने को कहा. उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, संसाधनों की उपयोगिता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखना है. इसके अलावा 21 नवंबर को शाम छह बजे पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल की रिहर्सल भी की जाएगी.

प्रशासन की अपील, ब्लैक आउट के दौरान न घबराएं लोग

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि 22 नवंबर को शाम छह बजे पुलिस लाइन और आसपास के निर्धारित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद होने पर घबराएं नहीं. यह किसी वास्तविक हवाई हमले या आपात स्थिति का संकेत नहीं होगा, बल्कि आपदा से निपटने की तैयारियों को जांचने के लिए आयोजित अभ्यास का हिस्सा होगा.

Also Read: जनगणना-2027 के लिए DM बिजनौर की अनोखी पहल, अब QR कोड स्कैन करते ही खुलेगा पोर्टल, घर बैठे भरें परिवार का पूरा ब्योरा