national
मोहम्मद सिराज के चयन पर सियासत: इमरान मसूद बोले- मुस्लिम हैं इसलिए बाहर, रिजिजू का पलटवार

Mohammed Siraj News: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. इस फैसले पर अब सियासी विवाद खड़ा हो गया है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सिराज के चयन को लेकर कहा, ''उनका नाम सिराज है और इसलिए उन्हें जगह नहीं दी गई. अगर अच्छे प्रदर्शन के बावजूद चयन नहीं हो रहा है, तो भेदभाव साफ दिखाई देता है.''इमरान मसूद के बयान पर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. वहीं, पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने भी इस विवाद पर अपनी राय रखी है. उन्होंने टीम चयन के मामले में चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन के फैसले को अहम बताया.
भारत में धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं होता: किरेन रीजीजू
कांग्रेस सांसद के आरोपों को केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने शुक्रवार को कहा कि भारत में किसी के साथ धर्म या जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाता और न ही किसी को अवसरों से वंचित रखा जाता है. रीजीजू ने कहा कि देश में अवसर योग्यता के आधार पर दिए जाते हैं. उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी को ऐसा महसूस होता है, तो यह ठीक नहीं है. प्रधानमंत्री का संदेश है कि हम सब एक हैं. हमारा लक्ष्य 'सबका साथ, सबका विकास' और 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' है. ऐसे में जाति और धर्म के आधार पर विभाजन पैदा करने की कोई जरूरत नहीं है.
View on Instagram
कपिल देव ने चयनकर्ताओं का किया बचाव, बोले- हम सबको खुश नहीं कर सकते
मोहम्मद सिराज के चयन को लेकर उठे विवाद के बीच पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव का बयान भी सामने आया है. उन्होंने कहा कि टीम में किसे रखना है और किसे नहीं, इसका फैसला चयनकर्ताओं, कप्तान और टीम प्रबंधन को करना है. कपिल देव ने कहा, ''चयनकर्ताओं से पूछिए. मैं कोई नहीं हूं. हम जैसे लोगों को इस मामले में टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. जिन लोगों को जिम्मेदारी दी गई है, उन्हें इसका जवाब देना चाहिए. मुझे लगता है कि वे अच्छा काम कर रहे हैं. हम सभी को खुश नहीं कर सकते.''
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इमरान मसूद के बयान पर बीजेपी ने भी कांग्रेस को घेरा है. बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि कांग्रेस ने भारतीय क्रिकेट टीम को भी अपनी वोट बैंक की राजनीति से नहीं छोड़ा है. उन्होंने कांग्रेस पर सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जर्सी पहनने वाला हर खिलाड़ी भारतीय है. भंडारी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा राष्ट्रीय हितों से ऊपर वोट बैंक की राजनीति को रखती है.
ये भी पढ़ें: NSA अजीत डोभाल को अमेरिकी कोर्ट ने भेजा समन, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बोले- पन्नू का मुकदमा बेबुनियाद