Saturday, 21 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सीएम डॉ. मोहन यादव का दक्षिण कोरिया दौरा टला:23 नवंबर से जाना था, विधानसभा सत्र की तैयारियों के चलते फैसला

INT News20 November 2026 at 10:47 pm

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 23 नवंबर से प्रस्तावित दक्षिण कोरिया दौरा टल गया है। विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तैयारियों के चलते उन्होंने यह फैसला लिया है। अब यह दौरा दिसंबर में हो सकता है। इसके अलावा जनवरी में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की तारीख तय नहीं होने को भी दौरा स्थगित होने की एक वजह माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर दौरा स्थगित करने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर आज एक बैठक आयोजित की गई। इसमें 7 से 11 दिसंबर तक चलने वाले सत्र की प्राथमिकताओं को देखते हुए नवंबर के अंत में प्रस्तावित औद्योगिक निवेश से जुड़ी विदेश यात्रा स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। बताया जाता है कि बैठक में मुख्यमंत्री ने विधानसभा में पूछे जाने वाले सवालों के जवाब और मंत्रियों के आश्वासनों से जुड़े मामलों की समीक्षा की। साथ ही सत्र की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। दूसरी ओर, प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, जनवरी में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होने वाले थे, लेकिन प्रस्तावित तारीख पर पीएमओ से समय नहीं मिल पाया है। ऐसे में अब समिट मार्च में होने की संभावना है। फरवरी में बजट सत्र के कारण सरकार की व्यस्तता रहेगी। माना जा रहा है कि विधानसभा सत्र की तैयारियों के साथ समिट की तारीख तय नहीं होने के कारण भी मुख्यमंत्री ने दक्षिण कोरिया दौरा स्थगित किया है।