समाचार · मध्य प्रदेश
आतिशबाजी से निर्माणाधीन टंकी के मचान में आग लगी:देवास में सूखी लकड़ियों से तेजी से फैली लपटें, आधे घंटे में बुझाई
शहर की न्यू देवास कॉलोनी में निर्माणाधीन पानी की टंकी के मचान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मचान बनाने में इस्तेमाल किए गए बांस और लकड़ियां सूखी होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और लपटों ने पूरे मचान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें उठती देख कॉलोनी और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलती देख स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर पानी डालकर इसे बुझाने की कोशिश की, लेकिन मचान में बड़ी मात्रा में सूखी लकड़ियां और अन्य सामान होने के कारण आग लगातार भड़कती रही। शुरुआती प्रयासों के बाद भी जब लपटें काबू में नहीं आईं, तो तुरंत नगर निगम को इसकी सूचना दी गई। खबर मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के घरों और इलाके में आग फैलने का बड़ा खतरा टल गया। आतिशबाजी की चिंगारी से आग लगने की आशंका नगर निगम अधिकारी प्रतीक शर्मा ने बताया कि शुरुआती तौर पर आतिशबाजी की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने की असली वजह की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।