समाचार · मध्य प्रदेश
कच्चे मकान पर गिरा विशाल आम का पेड़:सीधी में घर क्षतिग्रस्त, परिवार सुरक्षित; प्रशासन से मुआवजे की मांग
सीधी जिले की ग्राम पंचायत कुसमी में सोमवार दोपहर बारिश के दौरान कच्चे मकान पर विशाल आम का पेड़ गिर गया। घटना में मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कुसमी निवासी विश्राम पनिका के कच्चे मकान पर सोमवार दोपहर करीब 1 बजे यह हादसा हुआ। बताया गया कि पेड़ गिरने के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग पेड़ गिरने से मकान की छत और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। मकान कच्चा होने के कारण अब परिवार के लिए उसमें रहना मुश्किल हो गया है, जिससे बारिश के मौसम में उनके सामने आश्रय की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकान का मौका निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने और नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। तहसीलदार बोले-नुकसान का आकलन कराया जाएगा इस संबंध में तहसीलदार नारायण सिंह ने बताया कि पटवारी को मौके पर भेजकर घटना की जांच और नुकसान का आकलन कराया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रशासन परिवार के साथ है और जांच के बाद नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।