Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

आगर मालवा में भारी बारिश, घरों में घुसा पानी:कुंडलियां बांध के 4 गेट खुले; कालीसिंध उफान पर, प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की

INT News10 August 2026 at 02:54 pm

आगर मालवा जिले में सोमवार को हुई भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। सोयतकलां की निचली बस्तियों में कई घरों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। पानी का स्तर बढ़ने पर प्रभावित परिवारों को अपनी जान बचाने के लिए घरों की छतों पर चढ़ना पड़ा। घरों में रखा खाद्य सामान और अन्य घरेलू सामग्री पानी में डूबने से खराब हो गई। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल राहत और मदद की मांग की है। इसी बीच, कुंडलियां बांध के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार दोपहर 1 बजे बांध के कुल 11 में से 4 गेट एक मीटर तक खोले गए। इन गेटों से लगभग 616.34 क्यूमेक पानी डाउनस्ट्रीम में छोड़ा गया। पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट जारी किया है और उनसे नदी से दूर रहने की अपील की है। सुसनेर क्षेत्र में कालीसिंध नदी सहित अन्य नदी-नाले भी उफान पर हैं। जीरापुर-सुसनेर मार्ग पर ताखला के त्रिवेणी संगम पर कालीसिंध नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ दिखा। यहां पानी के तेज बहाव से एक झरना बन गया है, जिसे देखने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। हालांकि, प्रशासन ने लोगों से ऐसे खतरनाक स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है। सोयतकला झालावाड़ मार्ग पर जलभराव होने से वाहनों को निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पढ़ रहा है, कई वाहन जलमग्न हो गए हैं। जिले में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा ने सोमवार को जिले के स्कूलों में अवकाश घोषित किया। प्रशासन ने लोगों से उफनती नदियों, नालों और रपटों को पार न करने तथा उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। जिले में 10 अगस्त की सुबह तक कुल 18 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी थी।