Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

सलेमपुर की जानू ने हासिल की अंतरराष्ट्रीय उड़ान, ग्लोबल कोरिया स्कॉलरशिप के तहत दक्षिण कोरिया में करेंगी मास्टर की पढ़ाई

INT News10 August 2026 at 02:40 pm

Bihar Girl Success Story: बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत सलेमपुर गांव की होनहार बेटी जानू कुमारी ने अपनी लगन और कड़ी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है. जानू कुमारी का चयन प्रतिष्ठित '2026 ग्लोबल कोरिया स्कॉलरशिप' (GKS) के लिए हुआ है. इस अंतरराष्ट्रीय छात्रवृत्ति के तहत वह दक्षिण कोरिया स्थित सन मून यूनिवर्सिटी से 'इंटरनेशनल रिलेशंस' विषय में अपनी मास्टर डिग्री (एमए) की पढ़ाई करेंगी. ग्रामीण परिवेश से निकलकर मिली इस बड़ी उपलब्धि से परिजनों और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है.

प्रारंभिक शिक्षा से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्कॉलरशिप तक का सफर

जानू कुमारी की प्रारंभिक शिक्षा सलेमपुर के ही हाई स्कूल से हुई, जिसके बाद उन्होंने शारदा झुनझुनवाला महिला महाविद्यालय, भागलपुर से अपनी स्नातक (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई पूरी की. जानू एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हैं. उनके पिता चंडिका चौधरी और मां रानी चौधरी ने सीमित संसाधनों के बावजूद बेटी की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी. चाचा अंबिका चौधरी एवं अन्य परिजनों ने बताया कि जानू शुरुआत से ही पढ़ाई में अव्वल रही है और पिछले तीन वर्षों से इस स्कॉलरशिप के लिए लगातार मेहनत कर रही थी.

पूरे देश से चुने जाते हैं मात्र 50 छात्र, सारा खर्च उठाएगी सरकार

दक्षिण कोरिया के शिक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित 'नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर इंटरनेशनल एजुकेशन' द्वारा यह स्कॉलरशिप प्रदान की जाती है.

जानू ने बताया कि इसके लिए हर साल कोरियाई शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं, जिसमें पूरे भारत से महज 50 विद्यार्थियों का ही चयन होता है.

छात्रवृत्ति अवधि: 1 सितंबर 2026 से 31 अगस्त 2029 तक.

मिलने वाली सुविधाएं: यूनिवर्सिटी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, इस छात्रवृत्ति के तहत आने-जाने का हवाई किराया (एयरफेयर), पूरी ट्यूशन फीस, मासिक स्टाइपेंड (रहने-खाने का खर्च) और हेल्थ इंश्योरेंस का खर्च कोरियाई सरकार द्वारा वहन किया जाएगा.

Bihar Girl Success Story: क्षेत्र की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की छात्रवृत्ति हासिल करने वाली जानू कुमारी की इस सफलता पर गांव सलेमपुर और आसपास के क्षेत्र के लोगों ने खुशी व्यक्त की है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. जानू की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए भी आगे बढ़ने और बड़ा लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा बन गई है.