Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पठानकोट में सड़क हादसे में नेपाली व्यक्ति की मौत:चक्की पुल के पास बेकाबू कैंटर ने बाइक को रौंदा, नेपाल लौटने से ठीक 12 घंटे पहले मातम में बदलीं खुशियां

INT News10 August 2026 at 02:56 pm

एक तरफ जहां परिवार 1 महीने की छुट्टी बिताने स्वदेश (नेपाल) लौटने की तैयारियों और खुशियों में जुटा था, वहीं एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कैंटर की भीषण टक्कर ने पूरे परिवार को उम्र भर का दर्द दे दिया। घटना 8 अगस्त की रात लगभग 9 बजे चक्की पुल पठानकोट के पास की है, जहां डमटाल की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार टाटा कैंटर RJ-21-GF-4548 के अज्ञात चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए आगे जा रही काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल PB-35-X-6078 को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में मोटरसाइकिल चला रहे 40 वर्षीय पंच बहादुर की मौत हो गई। जबकि उनका भतीजा सुरेश भुजेल गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना 2 की पुलिस ने घायल भतीजे की शिकायत पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाप मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 9 अगस्त को जाना था नेपाल, भतीजे को लेने आए थे पठानकोट पुलिस को दिए बयान में घायल भतीजे सुरेश भुजेल निवासी गांव अमुखेरनी, ज़िला तनहुं, नेपाल, हाल निवासी नगरोटा बगवां, हिमाचल प्रदेश ने बताया कि उसके चाचा पंच बहादुर अपनी पत्नी मीनू के साथ गांव फतेहगढ़, पठानकोट निवासी किसान निशान सिंह के फार्म हाउस पर खेती-बाड़ी का काम करते थे। उसने अपने चाचा के साथ 9 अगस्त से 1 महीने की छुट्टी पर अपने पैतृक गांव नेपाल जाने का कार्यक्रम बनाया था। इसी सिलसिले में 8 अगस्त को उसके चाचा उसे साथ ले जाने के लिए मोटरसाइकिल से सिंबल चौक पठानकोट आए थे। जब दोनों चाचा-भतीजा मोटरसाइकिल पर वापस लौट रहे थे, तभी चक्की पुल के पास यह हादसा हो गया। सिर में गहरा घाव लगने से हुए अचेत, भीड़ जुटते ही चालक फरार सुरेश ने बताया कि जैसे ही रात 9 बजे के करीब वो चक्की पुल के पास पहुंचे तो डमटाल साइड से आए तेज रफ्तार कैंटर में बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। सुरेश के मुताबिक कैंटर की टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में सुरेश की दोनों बाजू और टांगों पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके चाचा पंच बहादुर के सिर में काफी गहरा घाव लगा और शरीर पर अन्य जगह चोटें आने से वे मौके पर ही खून से लथपथ होकर बेहोश हो गए। हादसे में उनकी मोटरसाइकिल पूरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर मारने के बाद कैंटर चालक नीचे उतरा, लेकिन लहूलुहान पड़े पंच बहादुर और मौके पर इकट्ठा हो रही भीड़ को देखकर अपना कैंटर RJ-21-GF-4548 मौके पर ही छोड़कर भाग खड़ा हुआ। अमृतसर ले जाते समय तोड़ा दम, पुलिस ने कैंटर जब्त कर FIR की दर्ज हादसे के बाद घायल सुरेश ने राहगीरों की मदद से सवारी का प्रबंध किया और चाचा को तुरंत सिविल अस्पताल पठानकोट पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने सिर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गुरु नानक देव अस्पताल, अमृतसर रेफर कर दिया। सुरेश एम्बुलेंस का इंतज़ाम कर उन्हें अमृतसर ले गया। लेकिन, वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने पंच बहादुर को मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच कर रहे एएसआई कमल किशोर ने सुरेश भुजेल के बयान पर फरार अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और IPC की धाराओं के तहत FIR संख्या 153 दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।