समाचार · छत्तीसगढ़
रायपुर में हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर गिरफ्तार:बदला हुआ नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा था आरोपी, 4 गाड़ियां बरामद; 15 से ज्यादा केस दर्ज
राजधानी रायपुर की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चोरी करने वाले एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अभिषेक राय उर्फ जीतू (26 वर्ष) खरोरा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की 3 बाइक और वारदात में इस्तेमाल 1 पल्सर समेत कुल 4 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। करीब 2 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस की एक टीम उसके फरार भाई की तलाश कर रही है। पकड़े जाने के डर से बदल देता था नंबर प्लेट पुलिस के मुताबिक, आरोपी जीतू बेहद शातिर है और चोरी की गाड़ियों की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट बदल देता था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे विधानसभा क्षेत्र में टीवीएस मोटरसाइकिल के साथ दबोचा। पुलिस ने जब गाड़ी के दस्तावेज मांगे तो वह गोलमोल जवाब देने लगा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने भाई के साथ मिलकर पंडरी के बालाजी अस्पताल की पार्किंग और विधानसभा क्षेत्र से गाड़ियां चोरी करने की बात कबूल की। रेकी के लिए पल्सर का इस्तेमाल, बैंक डकैती में भी जा चुका है जेल जांच में सामने आया कि आरोपी जीतू और उसका भाई अपनी पल्सर बाइक (CG 04 NT 7546) से शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर पहले रेकी करते थे, फिर सूनी जगहों से गाड़ियां पार कर देते थे। आरोपी अभिषेक के खिलाफ रायपुर के अलग-अलग थानों में चोरी, वाहन चोरी और डकैती के 15 से ज्यादा मामले पहले से दर्ज हैं। इतना ही नहीं, वह दुर्ग जिले के अंडा थाने में दर्ज एक बैंक डकैती के मामले में भी जेल जा चुका है।