समाचार · मध्य प्रदेश
STR में रक्षाबंधन पर बाघों की सुरक्षा की शपथ ली:11 हजार ग्रामीण, विद्यार्थी को बांधा 'बाघ रक्षा सूत्र’ जंगल बचाने की प्रतिज्ञा
रक्षाबंधन के मौके पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) में इस बार एक अनोखा अभियान ”बाघ रक्षा सूत्र" चलाया जा रहा है। इस अभियान में राखी के धागे को बाघों की सुरक्षा से जोड़ा गया है। तीन दिन में अब तक 11 हजार ग्रामीण, स्कूली विद्यार्थी, ईको विकास समिति के सदस्य और वन मित्रों को बाघ वाली राखी बांधकर वन्यजीवों की सुरक्षा की शपथ दिलाई गई है। जिसका समापन आज शनिवार को होगा। STR फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा ने बताया बाघ सिर्फ एक जानवर नहीं, हमारे पूरे इकोसिस्टम का सुरक्षा कवच है। अगर बाघ सुरक्षित रहेगा तो जंगल बचेंगे, तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा। इसलिए रक्षाबंधन पर तीन दिन का यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसका समापन आज शनिवार को होगा। राखी बांधकर शपथ दिला रहे जिस तरह बहन भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती है और भाई सुरक्षा का वादा करता है, उसी भाव से STR के बागड़ा बफर, पिपरिया बफर, तवा बफर और मटकुली क्षेत्र में लोगों को ‘बाघ रक्षा सूत्र' बांधा जा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों और बच्चों को बाघ के महत्व और वन-वन्यप्राणियों की सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जा रहा है। अभियान में 50 विस्थापित ग्रामों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रेंजर विलास डोंगरे ने बताया कि तीन दिन में 11 हजार लोगों को बाघ रक्षा सूत्र बांधकर बाघ और अन्य वन्यप्राणियों की सुरक्षा की प्रतिज्ञा दिलाई गई है। यह नवाचार पहली बार STR में किया गया है।