समाचार · हरियाणा
नपा कर्मचारियों की हड़ताल से कचरे के ढेर में शहर:रोहतक में भाजपा पार्षद ने उठाए सवाल, ठेका एजेंसी क्यों नहीं कर रही काम
रोहतक में मांगों को लेकर नगर पालिका सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहर में कचरे के ढेर लगे हुए है। दूसरी तरफ भाजपा पार्षद कपिल नागपाल ने निगम प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सफाई का ठेका एजेंसी को दे रखा है, फिर क्यों सफाई नहीं हो रही। प्रशासन क्यों एजेंसी पर एक्शन नहीं ले रहा। नपा सफाई कर्मचारी संघ के सदस्य करीब 24 दिन से हड़ताल पर है, जिसके कारण शहर के डंपिंग प्वाइंट पर कचरे के ढेर जमा हो गए है। हालांकि प्रशासन रात के समय उन्हें साफ करवाने का प्रयास करता है, लेकिन सुबह फिर उतना ही कचरा वहां जमा हो जाता है। ऐसे में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को परेशान करना मकसद नहीं
नपा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष शंभू टांक ने बताया कि उनका मकसद जनता को परेशान करना नहीं है, बल्कि सरकार के खिलाफ रोष जताना है। पिछले कई दिनों से कर्मचारी हड़ताल पर है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही। जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों की ये हैं मांगे
नगर पालिका कर्मचारियों की कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, सफाई कर्मचारियों के खाली पदों पर पक्की भर्ती करने, फायर विभाग के शहीद कर्मचारियों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये आर्थिक सहायता एवं पक्की नौकरी, फायर विभाग के अनुबंधित ड्राइवरों एवं फायरमैनों को पक्का करने व वर्दी भत्ता सहित 17 मांग है। ठेका एजेंसी पर पार्षद ने उठाए सवाल
भाजपा के वार्ड-7 से पार्षद कपिल नागपाल ने कहा कि नगर निगम ने सफाई का ठेका वाईएलबी एजेंसी को दे रखा है, जिसे 340 कर्मचारी लगाने थे। साथ ही स्वीपिंग मशीन भी लगानी थी। क्या निगम का कोई अधिकारी उस एजेंसी की गारंटी ले रहा है कि एजेंसी ने 340 कर्मचारी भर्ती कर रखे है। अगर कर्मचारी हैं तो शहर में साफ सफाई क्यों नहीं हो रही। कपिल नागपाल ने सवाल उठाया कि 22 वार्डों में अगर एजेंसी के 340 कर्मचारी साफ सफाई कर होते तो आज जो स्थिति बनी हैं, वह नहीं बनती। लेकिन नगर निगम के अधिकारी इस मामले में मौन है। उनके सवाल का कोई अधिकारी जवाब नहीं दे रहा। इस मामले में वह सीएम से भी शिकायत करेंगे।