समाचार · मध्य प्रदेश
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ट्रक-पिकअप की भिड़ंत:आग लगने से पिकअप ड्राइवर जिंदा जला; बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला
झाबुआ जिले के थांदला के पास दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे के पहुंच मार्ग पर शुक्रवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक और पिकअप की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। पिकअप चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी जलने से मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात एक ट्रक एक्सप्रेस-वे की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के कुछ ही देर बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। पिकअप चालक वाहन में फंसा आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पिकअप चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। हादसे में मियाटी निवासी तेरु खिमा भाबर की जलने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। पहुंच मार्ग की कम चौड़ाई पर सवाल स्थानीय लोगों के मुताबिक एक्सप्रेस-वे के पहुंच मार्ग की कम चौड़ाई के कारण वाहनों की आवाजाही में परेशानी होती है। इसी वजह से हादसे की आशंका बनी रहती है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा।