समाचार · बिहार
नोएडा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से मुजफ्फरपुर आ रही स्लीपर बस में लगी भीषण आग, समय रहते बाहर निकाले गये 32 यात्री

Muzaffarpur Bus Fire: मुजफ्फरपुर. दिल्ली के लाल किले से मुजफ्फरपुर आ रही एक प्राइवेट स्लीपर बस में मंगलवार शाम नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर अचानक भीषण आग लग गयी. बस में कुल 32 यात्री सवार थे. गनीमत रही कि आग तेजी से फैलने के बावजूद सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया.
घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के सेक्टर-150 के पास हुई. आग लगने के बाद बस कुछ ही देर में पूरी तरह धू-धूकर जलने लगी. यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचायी.
नोएडा एक्सप्रेसवे पर अचानक बस में लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी. इसी दौरान उसमें अचानक आग लग गयी.
देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. आग की तेज लपटें देखकर बस में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गयी और चीख-पुकार शुरू हो गयी.
सामान छोड़कर बस से बाहर निकले यात्री
आग तेजी से फैलती देख यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए आनन-फानन में बस से बाहर निकलना शुरू कर दिया.
कई यात्रियों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला. यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान की ओर भागकर जान बचायी.
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
आग की सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं.
दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी.
एक्सप्रेसवे पर कुछ देर प्रभावित रहा यातायात
बस में आग लगने की घटना के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ. सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया.
आग लगने के कारणों की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बस बीएसएस कूल-कूल जमुना ट्रेवलर्स की बतायी गयी है. बस का नंबर BR28P3433 बताया गया है.
बस में आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.