Wednesday, 7 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

धरमपुरी विधायक को CM और प्रदेश अध्यक्ष ने लगाई फटकार:मंत्री के घर के बाहर धरने के बयान से संगठन नाराज;कालू सिंह ने मांगी माफी

INT News7 October 2026 at 12:03 am

धार जिले की धरमपुरी से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर को केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर के घर के बाहर धरना देने का बयान देना भारी पड़ गया। पार्टी नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के सामने तलब किया। दोनों नेताओं ने विधायक को फटकार लगाई। मुलाकात के बाद कालू सिंह ठाकुर ने वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने की बात कहते हुए पार्टी से माफी मांगी। दरअसल, विधायक कालू सिंह ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर से जुड़े एक मामले को लेकर उनके घर के बाहर धरना देने की बात कही थी। विधायक के इस बयान के बाद मामला पार्टी संगठन तक पहुंचा। पार्टी नेतृत्व ने इसे अनुशासन के लिहाज से गंभीरता से लिया और विधायक को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के सामने अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया। CM और प्रदेश अध्यक्ष ने सुनी बात, फिर लगाई फटकार कालू सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात की। विधायक के मुताबिक, दोनों नेताओं ने उनकी पूरी बात सुनी और मामले को गंभीरता से समझा। इसके बाद उन्हें अपने बयान को लेकर फटकार भी लगाई गई। मुलाकात के बाद विधायक ने वीडियो जारी कर कहा कि उनसे कुछ त्रुटि हुई है और इसके लिए वह क्षमा चाहते हैं। उन्होंने साफ किया कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी और पार्टी जो भी आदेश करेगी, उसका पालन करेंगे। विधायक बोले- गलती हुई, क्षमा चाहता हूं कालू सिंह ठाकुर ने वीडियो में कहा, "जी, मैं कालू सिंह ठाकुर, धरमपुरी से दूसरी बार का विधायक हूं। मैं आज सीएम साहब से भी मिला, हमारे प्रदेश अध्यक्ष जी से भी मिला। उन्होंने पूरी सुनी मेरी भी बात और उसको ध्यान से रखा। मेरे से कुछ त्रुटि हुई, मेरे को डांटा भी उन्होंने, फिर भी मैंने बोला कि जो गलती हुई, मैं क्षमा चाहता हूं। उन्होंने आगे कहा, “आगे भविष्य में ऐसी गलती नहीं होगी और पार्टी का कार्यकर्ता हूं, पार्टी का कार्यकर्ता रहूंगा और पार्टी जो भी आदेश करेगी, उसका पालन करूंगा।” केंद्रीय राज्यमंत्री के घर के बाहर भूख हड़ताल का ऐलान किया था मामला धार जिले की धामनोद नगर परिषद की सीएमओ माया मंडलोई की कार्यप्रणाली को लेकर है। धरमपुरी से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर का आरोप है कि सीएमओ के कारण नगर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता की शिकायतों पर सुनवाई नहीं हो रही है। विधायक के मुताबिक, उन्होंने कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों सहित प्रशासन के अलग-अलग स्तरों पर कई बार शिकायत की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। विधायक का यह भी आरोप था कि सीएमओ के खिलाफ पहले एफआईआर और उन्हें हटाने की कार्रवाई भी हुई, लेकिन बाद में वह फिर पद पर बनी रहीं। इसी से नाराज होकर कालू सिंह ठाकुर ने 9 अक्टूबर से केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर के धार स्थित निवास के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने का ऐलान किया था।