समाचार · पंजाब
नंबरदार यूनियन का आरोप- सरकार ने की वादाखिलाफी
| जालंधर तहसील कॉम्प्लेक्स में पंजाब नंबरदार यूनियन (643) की जालंधर इकाई की बैठक हुई। बैठक में नंबरदारों की लंबित मांगों को लेकर चर्चा की गई। मौके पर यूनियन पंजाब के मुख्य प्रवक्ता चरणजीत सिंह ने कहा कि सरकार ने साढ़े चार साल बीत जाने के बावजूद नंबरदारों की मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया और बार-बार आश्वासन देकर बात टाली गई। उन्होंने बताया कि संगठन ने इस अवधि में कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों को कई बार मांग-पत्र सौंपे, लेकिन मांगों को अनदेखा किया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब नंबरदार यूनियन 643 ने मुख्यमंत्री के शहर संगरूर में शांतिपूर्ण रोष मार्च किया था और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा से बैठक भी की गई। उनका कहना था कि बीती पांच तारीख के रोष धरने के दौरान प्रशासन ने मुख्यमंत्री से बैठक का भरोसा दिलाया, लेकिन चंडीगढ़ पहुंचने पर अमन अरोड़ा से ही मुलाकात कराई गई। अरोड़ा ने शाम तक मुख्यमंत्री से बैठक कर मांगें मानने की बात कही, पर एक सप्ताह से अधिक समय गुजरने के बाद भी संगठन को कोई पुष्टि नहीं मिली। बैठक में गुरदेव लाल संधू, कैलाश कुमार, मंगा सिंह शेर गिल, जरनैल सिंह, इंदरजीत सिंह, नवजोत सिंह, बिशनदास, सुखविंदर राम, हरजिंदर और बलविंदर बंगा सिंह सहित अन्य नंबरदार उपस्थित रहे।