समाचार · पंजाब
मोहाली 6 हथियारबंद बदमाशों ने 3 घरों के ताले तोड़े:समाना खंगाला, लेकिन रहे खाली हाथ, CCTV में डंडे-तलवार लेकर घूमते दिखे संदिग्ध
डेराबस्सी के पास स्थित जनेतपुर गांव में देर रात 4 से 6 संदिग्ध हथियारबंद युवकों ने तीन अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए चोरी का प्रयास किया। यह संदिग्ध गिरोह हाथों में डंडे और तलवारें लेकर गांव की गलियों में घूमता हुआ सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे गांव में खौफ और दहशत का माहौल व्याप्त है। पीड़ित मकान मालिक अमरजीत ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे उनके बेटे ने उनके बंद पड़े मकान की लाइट जलती हुई देखी। जब परिवार के सदस्यों ने अंदर जाकर देखा, तो घर का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो हथियारबंद संदिग्ध गलियों में घूमते हुए साफ नजर आए। छत पर सोता रहा परिवार, नीचे ताला तोड़कर खंगाली अलमारी दूसरे मकान मालिक जंग ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे रात में काम निपटाकर छत पर सोने चले गए थे। सुबह जब वे नीचे आए, तो घर का मुख्य दरवाजा और अलमारी खुली पड़ी थी। दरवाजे का कुंडा/ताला टूटा हुआ था और कमरों का सामान अस्त-व्यस्त था। चोरों ने मौका पाकर चोरी का पूरा प्रयास किया। ग्रामीणों ने की गश्त बढ़ाने और जल्द गिरफ्तारी की मांग ग्रामीणों के अनुसार, उसी एक ही रात में जनेतपुर के तीन घरों में सेंधमारी की कोशिश की गई है। कैमरों में संदिग्धों के पास तलवारें और डंडे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। गांव वालों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि रात के समय गांव में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और इन संदिग्ध अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। CCTV कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि संबंधित सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और उसके आधार पर संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर काबू कर लिया जाएगा।