समाचार · पंजाब
लुधियाना में सोलर पैनल की दुकान में चोरों का धावा:तीसरी मंजिल से अंदर घुसे; वर्करों की सैलरी के लिए रखा 1 लाख कैश उड़ाया
लुधियाना के घोड़ा कॉलोनी के नजदीक सोलर पैनल की दुकान में देर रात दो चोर छत के रास्ते दाखिल हुए और करीब 1 लाख रुपए की नकदी चोरी कर फरार हो गए। यह रकम दुकान के वर्करों को वेतन देने के लिए रखी गई थी। चोरों ने पड़ोसी दुकान का दरवाजा खोलकर अंदर घुसने का प्रयास भी किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। दुकानदार के मुताबिक करीब एक महीने पहले साथ वाली दुकान में भी चोरी हुई थी। दुकान मालिक कंवलइंद्र सिंह ने बताया कि वीरवार आज सुबह वर्कर ने दुकान खोली तो उसे दरवाजा टूटा मिला। उसने तुरंत फोन कर घटना की जानकारी दी। दुकान के अंदर कुर्सी पर चोरों के पैरों के निशान भी मिले। तीसरी मंजिल से ऑफिस में घुसे, सीलिंग तक तोड़ी
कंवलइंद्र सिंह ने बताया कि उनकी रिहायश खन्ना में है। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। फुटेज में सामने आया कि चोरों ने रात करीब डेढ़ बजे दुकान में घुसने की गतिविधियां शुरू की थीं। दुकान की सीलिंग तक चोरों ने तोड़ दी। दोनों चोर छत के रास्ते ग्रिल के नीचे से निकलकर तीसरी मंजिल तक पहुंचे और वहां से ऑफिस में दाखिल हुए। अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने सीलिंग तक तोड़ दी और सामान की तलाशी ली। इसके बाद दुकान में रखी करीब एक लाख रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। पड़ोसी दुकान में भी घुसने की कोशिश
चोरों ने पड़ोसी दुकान का दरवाजा भी खोल लिया था। उन्होंने वहां से अंदर दाखिल होने की कोशिश की, लेकिन किसी कारण सफल नहीं हो सके। दुकानदार ने बताया कि करीब एक महीने पहले साथ वाली दुकान में भी चोरी की वारदात हो चुकी है। ‘अब चोर सीसीटीवी से भी नहीं डरते’ कंवलइंद्र सिंह ने कहा कि पहले लोग सीसीटीवी कैमरे इस उम्मीद से लगाते थे कि इन्हें देखकर चोर डरेंगे, लेकिन अब चोर कैमरों से भी नहीं डरते। उन्होंने कहा कि चोर चेहरा छिपाकर आते हैं और कई बार कैमरे तोड़ने या उनकी दिशा बदलने का प्रयास भी करते हैं। सूचना के बाद थाना मोती नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर चोरों की पहचान और उनकी तलाश शुरू कर दी है।