समाचार · मध्य प्रदेश
बिजली बिल और कटौती से परेशान ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन:अधिकारियों-जनप्रतिनिधियों से गांव में रुकने की अपील, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
दमोह जनपद पंचायत के अधरोटा गांव के लोग गुरुवार दोपहर बिजली समस्या को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी की और कलेक्टर को बुलाने की मांग की। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी बात सुनी। ग्रामीणों ने उन्हें एक ज्ञापन भी दिया। कलेक्टर ने तुरंत बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाया और समस्या सुलझाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें मनमाने बिजली बिल दिए जा रहे हैं। बिजली कटौती किसी भी समय कर दी जाती है और वोल्टेज भी कम रहता है। उन्होंने कहा कि गरीब आदमी की दिहाड़ी 200 से 300 रुपए है, वह 5000 का बिल कैसे भरेगा। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि अगर उनके घर के पंखे कलेक्ट्रेट के पंखों की तरह तेज चलने लगें, तो वे पूरा बिजली बिल भरने को तैयार हैं। उन्होंने दमोह के जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे एक रात उनके गांव में रुकें, ताकि उन्हें बिजली कटौती की समस्या का अंदाजा हो सके। कलेक्टर ने दिए निर्देश कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने मौके पर ही बिजली विभाग के सहायक अभियंता को बुलाया और ग्रामीणों को इस बात का आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का जल्द ही निराकरण किया जाएगा। ग्रामीणों ने यह भी चेतावनी दी कि अभी तो वह कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने आए थे। यदि जल्द ही उनकी समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो वह कलेक्ट्रेट के बाहर धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।