Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

इंदौर में कर्णावत से पनीर-तेल समेत 6 सैंपल लिए:सोनू वेफर्स ब्रांड के चिप्स पैकेट पर 2019 में एक्सपायर पंजीयन नंबर मिला; खाद्य विभाग की कार्रवाई

INT News23 October 2026 at 10:40 pm

त्योहारों के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को शहर के कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। शिकायतों के आधार पर कर्णावत पान भोजन प्रसादी, जैन श्वेतांबर शिव भंडार, अमृतसरी नान ढाबा, सोनू वेफर्स और राजा चाट भंडार समेत विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। वहीं, सोनू वेफर्स के पैकेट पर पुराने खाद्य पंजीयन क्रमांक का उल्लेख मिलने पर सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। कर्णावत से 6 सैंपल, ढाबे से पनीर-दाल मखनी की जांच

अंजनी नगर, एयरपोर्ट रोड स्थित कर्णावत पान भोजन प्रसादी से आलू, गिलकी, तुवर दाल, पनीर मसाला, सोयाबीन तेल और धनिया पाउडर के कुल छह नमूने लिए गए। सिलावटपुरा स्थित जैन श्वेतांबर शिव भंडार से नमकीन मिक्सचर और बूंदी के नमूने संग्रहित किए गए। शिकायत के आधार पर अमृतसरी नान ढाबे का भी निरीक्षण किया गया। यहां रसोईघर में साफ-सफाई और खाद्य स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। टीम ने पनीर और दाल मखनी के नमूने जांच के लिए लिए। सोनू वेफर्स के पैकेट पर मिला पुराना पंजीयन नंबर

सांवेर रोड स्थित अवंतिका नगर के सोनू वेफर्स (मेसर्स मोहनलाल दौलतराम ट्रेडर्स) से आलू चिप्स और फलाहारी वेफर्स के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान आलू चिप्स के पैकेट पर वर्तमान खाद्य अनुज्ञप्ति क्रमांक के साथ पुराना खाद्य पंजीयन क्रमांक भी अंकित मिला। विभागीय जानकारी के अनुसार, पुराने पंजीयन की वैधता 19 मार्च 2019 तक थी, जबकि वर्तमान अनुज्ञप्ति 10 दिसंबर 2026 तक वैध पाई गई। इस स्थिति को लेकर संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, चिप्स या फलाहारी वेफर्स के नमूनों की गुणवत्ता पर कोई निष्कर्ष अभी सामने नहीं आया है। इसकी स्थिति प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी। राजा चाट भंडार से पानीपुरी का पानी और आलू मसाला के नमूने लिए

सांवेर में सिविल हॉस्पिटल के सामने स्थित राजा चाट भंडार से पानीपुरी के पानी और आलू मसाला के नमूने लिए गए। संचालक को खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव, साफ-सफाई और स्वच्छता संबंधी मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। मुसाखेड़ी स्थित श्री राम किराना का भी शिकायत के आधार पर निरीक्षण किया गया। नियंत्रक ने नमकीन इकाइयों का किया निरीक्षण

खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्य प्रदेश के नियंत्रक मनोज पुष्प ने इंदौर प्रवास के दौरान ओम नमकीन और आकाश नमकीन का निरीक्षण किया। विभाग के अनुसार, दोनों इकाइयों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।