Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

Jailer 2 Box Office: रजनीकांत की फिल्म ने पार किया ₹348 करोड़ का आंकड़ा, बॉर्डर 2 का लाइफटाइम रिकॉर्ड तोड़ा

INT News23 October 2026 at 10:55 pm

सुपरस्टार रजनीकांत की एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'जेलर 2' बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपनी पकड़ मजबूत बनाए हुए है. पहले हफ्ते में 300 करोड़ का आंकड़ा पार करने के बाद फिल्म अब भारत में 350 करोड़ के क्लब में शामिल होने की कगार पर है. ट्रेड ट्रैकर Sacnilk के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के 9वें दिन फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ₹14.50 करोड़ का कारोबार किया. इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन ₹348.85 करोड़ तक पहुंच गया है.

दूसरे वीकेंड में ₹360 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद

दूसरे हफ्ते में वर्किंग डेज की वजह से कलेक्शन में थोड़ा डिप जरूर देखने को मिला है, लेकिन ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि शनिवार और रविवार के दूसरे वीकेंड में फिल्म की कमाई में फिर से बड़ा उछाल आएगा. उम्मीद जताई जा रही है कि यह वीकेंड खत्म होते-होते फिल्म ₹360 करोड़ के आंकड़े को आसानी से छू लेगी. फिल्म ने अब तक की अपनी कमाई से दो बड़ी हिट फिल्मों-'बॉर्डर 2' (₹464 करोड़ ग्रॉस) और 'हनुमान अंश' (₹439 करोड़ ग्रॉस) के कुल कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है.

एडवांस बुकिंग और पहले हफ्ते का शानदार सफर

'जेलर 2' की एडवांस बुकिंग रिलीज से पांच दिन पहले यानी 10 अक्टूबर से शुरू हो गई थी. रिलीज की पूर्व संध्या (14 अक्टूबर) तक फिल्म ने दुनियाभर में एडवांस बुकिंग से ही ₹80 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था. भारत में ओपनिंग डे के लिए प्री-सेल्स में 18 लाख टिकटें बिकी थीं, जिससे ₹37 करोड़ की ग्रॉस कमाई हुई. पहले दिन देश भर के 15,887 शोज में फिल्म ने ₹59.70 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था. वहीं, अपने पहले हफ्ते के अंत तक फिल्म ने भारत में कुल ₹334.35 करोड़ का भारी-भरकम कारोबार किया.

सीक्वल की स्टारकास्ट और नई कहानी

यह फिल्म 2023 की ब्लॉकबस्टर 'जेलर' का सीक्वल है. फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर 'टाइगर' मुथुवेल पांडियन के किरदार में हैं. उनके साथ राम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिरना और ऋत्विक अपने पुराने किरदारों में लौटे हैं, जबकि एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, सूरज वेंजारामूडु और विद्या बालन नई कास्ट के रूप में जुड़े हैं. इसके अलावा मोहनलाल, शिवा राजकुमार और जैकी श्रॉफ ने अपने चर्चित कैमियो रोल दोहराए हैं.

कहानी पहले पार्ट के बाद से शुरू होती है, जहां मुथु ने वर्मन को खत्म किया था और उसे चेतावनी मिली थी कि मूर्ति तस्करों का गिरोह उसके पीछे पड़ेगा. अपने परिवार को सामान्य जिंदगी देने के लिए मुथु एक सुपरमार्केट में सुपरवाइजर का काम कर रहा है और परिवार से यह राज छिपाए हुए है कि उसने सबकी सुरक्षा के लिए अपने बेटे अर्जुन को भी मार दिया था. लेकिन पुराना अतीत फिर उसके सामने आ खड़ा होता है और नए खतरों से निपटने के लिए मुथु अपने पुराने व नए साथियों का सहारा लेता है.

ये भी पढ़ें: Photo Story: पटना से ग्लोबल स्टार तक! दलेर मेहंदी की हिट्स, विवाद और पूरी कहानी