national
Video : आंध्र प्रदेश की पूर्व महिला मंत्री को पुलिस ने धक्का मार कर गिराया, YSR कांग्रेस ने की EC से कार्रवाई की मांग

आंध्र प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनावों के नामांकन के बीच राजनीतिक विवाद सामने आया है. YSR कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया है कि पूर्व शिक्षा मंत्री विदादला रजनी को पुलिस अधिकारी ने जमीन पर धकेल दिया. पार्टी के मुताबिक, यह घटना तब हुई, जब रजनी अपने घर पर पार्टी उम्मीदवारों को बी-फॉर्म दे रही थीं. पार्टी ने राज्य चुनाव आयोग से मामले में कार्रवाई की मांग की है.
उम्मीदवार को घर में जाने से रोकने का आरोप
वाईएसआरसीपी के अनुसार, विदादला रजनी चिलाकालुरीपेट में पार्टी की प्रभारी हैं और स्थानीय निकाय चुनावों के लिए उम्मीदवारों को बी-फॉर्म दे रही थीं. पार्टी का दावा है कि इस दौरान रजनी अपने घर में नजरबंद थीं. पार्टी ने आरोप लगाया कि यादलापाडु के जेडपीटीसी उम्मीदवार और दलित नेता पांडुला बुल्लाबाई जब रजनी से मिलने उनके घर पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया. इस पर रजनी ने पुलिस से सवाल किया कि पार्टी के उम्मीदवारों को उनके घर में आने से क्यों रोका जा रहा है. इसी दौरान चिलाकालुरीपेट ग्रामीण थाने की सब-इंस्पेक्टर प्रियंका ने रजनी को जमीन पर धकेल दिया. पार्टी ने यह भी दावा किया कि उन्हें नुकीले पत्थर की तरफ धकेला गया.
ये भी पढ़ें: चीन से सीमा विवाद पर खरगे ने PM मोदी से मांगा जवाब, MEA ने कहा- चीनी सेना की हरकतों से बिगड़ते हैं हालात
YSRCP ने की मामले की जांच की मांग
वाईएसआरसीपी ने इस घटना को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं. पार्टी का आरोप है कि पुलिस तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के नेताओं के कहने पर काम कर रही है और उसके उम्मीदवारों को चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेने से रोका जा रहा है. पार्टी ने राज्य चुनाव आयोग से तुरंत कार्रवाई करने, उम्मीदवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नामांकन प्रक्रिया में कथित हस्तक्षेप रोकने की मांग की है. साथ ही, पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की अपील की है. वाईएसआरसीपी ने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से भी जवाब मांगा है.