Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत:सीहोर से हरदा जन्मदिन मनाने घर आ रहा था, 2 महीने बाद होनी थी शादी

INT News23 October 2026 at 10:37 pm

हरदा जिले के करताना और तजपुरा के बीच बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सीहोर जिले के रेहटी निवासी सुमित के रूप में हुई है। शुक्रवार शाम वह अपने जन्मदिन पर हरदा जिले के ग्राम भून्नास स्थित अपनी ससुराल बर्थडे सेलिब्रेट करने आ रहा था। महज दो महीने बाद ही सुमित की शादी होने वाली थी, लेकिन खुशियों वाले घर में अचानक मातम छा गया। जानकारी के अनुसार, सुमित बाइक पर सवार होकर सीहोर से हरदा की ओर आ रहा था। इसी दौरान करताना और तजपुरा के बीच रास्ते में वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक को सीने में अंदरूनी चोट लगी, जिससे घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। वाहन और उसके चालक की तलाश जारी यह दुर्घटना टिमरनी थाना क्षेत्र की करताना चौकी के अंतर्गत हुई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारकर भागने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मृतक के शव को जिला अस्पताल के मर्चुरी भवन में रखवाया गया है, जहां शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंपा जाएगा।