समाचार · गुजरात
राजकोट के छासिया गांव से 3.52 करोड़ रुपए का गांजा जब्त, खेत मालिक गिरफ्तार

राजकोट. ग्रामीण पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने जिले की विंछिया तहसील के छासिया गांव में छापेमारी के दौरान 3.52 करोड़ रुपए का 705 किलो गांजा जब्त किया। मौके से खेत मालिक को गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार, एसओजी के पुलिस उप निरीक्षक जी.जे. झाला के मार्गदर्शन में टीम जसदण और विंछिया क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर छासिया गांव के झरडा इलाके में सवशी मिठापरा के खेत पर छापेमारी की। टीम को खेत की मेड़ पर गांजे के पौधे सूखने के लिए रखे मिले। मौके से 3.52 करोड़ रुपए से अधिक कीमत का कुल 705.409 किलोग्राम गांजा जब्त किया। गांजे की खेती करने वाले खेत मालिक सवशी मिठापरा (55) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। वह छासिया गांव के झरडा इलाके का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसने पहली बार ही गांजे की खेती की थी। खारचिया गांव में कपास की फसल के बीच से गांजे के 7 पौधे बरामद राजकोट. जिले की विंछिया पुलिस ने खारचिया गांव की सीमा में छापेमारी कर कपास की फसल के बीच से 7.22 लाख रुपए कीमत के 14.450 किलोग्राम गांजे के गांजे के 7 पौधे बरामद कर किसान को गिरफ्तार किया। विंछिया थाने के पुलिस निरीक्षक ए.सी. डामोर के मार्गदर्शन में टीम को गश्त के दौरान मिली सूचना पर खारचिया गांव की सीमा में पभाभाई पंचाला के खेत पर छापेमारी की गई। वहां कपास की फसल के बीच गांजे के सात पौधे मिले। टीम ने गांजे के पौधे जब्त कर किसान पभाभाई पंचाला को गिरफ्तार किया। उसने कबूल किया कि करीब पांच महीने पहले उसने कपास की फसल के साथ ही खेत की क्यारियों में गांजे की खेती की। राजकोट की सबसे बड़ी हांडा गैंग के खिलाफ गुजसीटोक के तहत कार्रवाई, ड्रग्स पेडलर सुधा धामेलिया सहित 12 गिरफ्तार राजकोट. शहर की सबसे बड़ी हांडा गैंग के खिलाफ गुजसीटोक के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है। क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स पेडलर सुधा धामेलिया सहित कुल 12 सदस्यों को गिरफ्तार किया। 15 सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। शहर क्राइम ब्रांच के डीसीपी जगदीश बांगरवा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर के रैयाधार और उसके आसपास के क्षेत्रों में संगठित अपराध करने वाली हांडा गैंग के खिलाफ गुजसीटोक के तहत मामला दर्ज किया गया। इस गैंग का संचालन मुख्य सरगना भौतिक उर्फ यस उर्फ हांडो परेश डाभी के नेतृत्व में किया जा रहा था। गैंग के सदस्य हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, घरों में चोरी, वाहनों में आगजनी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस सरीखे गंभीर अपराधों को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत का माहौल बनाते थे। इस गैंग के कुल 15 सदस्यों के खिलाफ पिछले 10 वर्षों में करीब 87 अपराध दर्ज हुए हैं। इनमें से 50 अपराधों को गुजसीटोक की परिभाषा के तहत शामिल कर कार्रवाई की गई।