समाचार · झारखंड
नितिन नवीन का रांची में स्वागत, 24 अक्टूबर को कार्यसमिति की बैठक में होंगे शामिल

रांची. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड आगमन पर राजधानी रांची में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला. भगवान बिरसा मुंडा की धरती पर पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष का रांची एयरपोर्ट पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने झारखंड की पारंपरिक संस्कृति, ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक नृत्य और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया. उनके स्वागत में एयरपोर्ट परिसर और राजधानी के विभिन्न चौक-चौराहे भाजपा के झंडों, बैनरों और पोस्टरों से सजे नजर आये.
एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने लगाये नारे
राष्ट्रीय अध्यक्ष के एयरपोर्ट के निकासी द्वार से बाहर आते ही मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारों के साथ उनका स्वागत किया. पूरा परिसर ‘नितिन नवीन जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा.
प्रदेश कार्यालय में महिला मोर्चा ने किया स्वागत
रांची एयरपोर्ट से राष्ट्रीय अध्यक्ष सीधे भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे. यहां प्रदेश महिला मोर्चा की ओर से उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया. प्रदेश कार्यालय परिसर में स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्होंने श्रद्धासुमन अर्पित किये.
24 अक्टूबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय झारखंड प्रवास पर आये हैं. 24 अक्टूबर को वह भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे और पार्टी के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे.
दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक में राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी. अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे.
एयरपोर्ट पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
रांची एयरपोर्ट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने वालों में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह, झारखंड प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश सह-प्रभारी निवेदिता सिंह, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ शामिल थे.
इसके अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, दीपक प्रकाश, रवींद्र राय, यदुनाथ पाण्डेय, अभयकांत प्रसाद, दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, सुनील सोरेन, गीता कोड़ा, पूर्व सांसद पीएन सिंह, महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, दीपक बँका, अनंत ओझा, रोशनी खलखो और नीरज कुमार समेत सैकड़ों महिला और पुरुष नेता तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे.