समाचार · मध्य प्रदेश
खेत की मेड़ पर मिला नवजात शिशु:रायसेन में गणेश विसर्जन को जाते लोगों ने आवाज सुनकर उठाया; सागर अस्पताल में रेफर
रायसेन के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में एक मक्का के खेत की मेड़ पर नवजात शिशु जिंदा मिला। घटना शुक्रवार शाम की है। गणेश विसर्जन के लिए जा रहे लोगों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। उन्होंने खेत मालिक को सूचना दी, जिसके बाद डायल 112 की तुम को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात को तुरंत बेगमगंज के सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे का वजन करीब 1 किलो 200 ग्राम बताया गया। ड्यूटी डॉक्टर देवेंद्र मीणा ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। बेहतर इलाज के लिए उसे सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला और थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और नवजात को छोड़ने वाले की तलाश में जुटी है। फिलहाल अब तक नवजात को इस लावारिस हालत में छोड़कर जाने वाले का कोई सुराग नहीं लग पाया है।