Tuesday, 17 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

7.5 लाख विद्यार्थियों के लिए क्लिक पर 450 करियर विकल्प मिलेंगे

INT News17 November 2026 at 05:50 am

| जालंधर 10वीं और 12वीं की दहलीज पर खड़े विद्यार्थियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आगे क्या पढ़ें और किस क्षेत्र में भविष्य बनाएं। अक्सर सही मार्गदर्शन के अभाव में छात्र पारंपरिक विकल्पों तक ही सीमित रह जाते हैं। अब सरकारी स्कूलों के नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की इस उलझन को दूर करने के लिए शिक्षा विभाग ने पंजाब करियर पोर्टल की सौगात दी है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए न केवल देश-विदेश के हजारों कोर्सेज और कॉलेजों की जानकारी मिलेगी, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मनोवैज्ञानिक टेस्ट की मदद से छात्रों की छिपी प्रतिभा को भी परखा जाएगा। विभाग का लक्ष्य राज्य के करीब 3700 सरकारी स्कूलों के 7.5 लाख विद्यार्थियों को इस मुहिम से जोड़ना है। पंजाबी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध इस पोर्टल पर जानकारी का विशाल भंडार है। यहां 490 से अधिक करियर विकल्प, 57 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर, 2.1 लाख से अधिक कोर्स और 28 हजार से ज्यादा कॉलेजों का पूरा ब्योरा मौजूद है। इसके साथ ही 24 हजार से अधिक स्किल और योग्यता से जुड़े क्षेत्रों और स्कॉलरशिप की जानकारी भी एक ही जगह उपलब्ध करवाई गई है। असेसमेंट पूरा होते ही पोर्टल छात्र की रुचि, व्यक्तित्व और योग्यता का विश्लेषण कर सटीक करियर और कॉलेजों के सुझाव देगा। खास बात यह है कि इसमें लगा 'एआई आधारित कोपायलट' काउंसलर को यह समझने में मदद करेगा कि किसी छात्र को अमुक करियर की सिफारिश क्यों की गई है और आगे की रणनीति क्या होनी चाहिए। डिजिटल मदद के साथ-साथ जमीनी स्तर पर तीन चरणों में काउंसलिंग व्यवस्था भी की गई है: स्कूल स्तर : प्रत्येक स्कूल में दो प्रशिक्षित नोडल शिक्षक विद्यार्थियों की व्यक्तिगत और समूह काउंसलिंग करेंगे। जिला स्तर : जिला काउंसलर शिक्षकों को सहयोग देने के साथ-साथ विद्यार्थियों व अभिभावकों के लिए साप्ताहिक व्यक्तिगत काउंसलिंग सत्र आयोजित करेंगे। केंद्रीय हेल्पलाइन: स्कूल समय के बाद भी किसी तरह की दुविधा होने पर मार्गदर्शन के लिए केंद्रीय हेल्पलाइन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। प्रोफाइल बनने के बाद विद्यार्थी पंजाबी या अंग्रेजी भाषा में सेल्फ-असेसमेंट टेस्ट दे सकते हैं। इसमें पिछली कक्षा के अंक, मुख्य विषयों के परिणाम, पसंदीदा-नापसंद विषय और पढ़ाई के लिए पसंदीदा शहर की जानकारी देनी होती है। टेस्ट की प्रक्रिया को तीन हिस्सों में बांटा गया है, जिसमें कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। इंटरेस्ट असेसमेंट : इसमें 60 सवाल पूछे जाते हैं, जिनका जवाब छात्र को अपनी रुचि के अनुसार हां' या नहीं' में देना होता है। पर्सनैलिटी असेसमेंट : इसमें 60 कथन दिए जाते हैं, जिनके उत्तर पांच विकल्पों के जरिए चुनने होते हैं। एप्टीट्यूड असेसमेंट : इसमें संख्यात्मक क्षमता, मौखिक योग्यता, मैकेनिकल समझ, तर्कशक्ति और स्थानिक समझ से जुड़े पांच सेक्शन हैं। हर सेक्शन में 9 सवाल होंगे और इसे हल करने के लिए 10 मिनट मिलेंगे। ऐसे करें रजिस्ट्रेशन और प्रोफाइल तैयार... पोर्टल का लाभ उठाने के लिए विद्यार्थी किसी भी इंटरनेट ब्राउजर पर पंजाब करियर पोर्टल सर्च कर आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर सकते हैं। प्रोफाइल बनाते समय छात्र को अपनी कक्षा, स्ट्रीम (आर्ट्स, कॉमर्स, मेडिकल या नॉन-मेडिकल), स्कूल का नाम, शहर और अपनी पांच पसंदीदा गतिविधियों की जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद विद्यार्थी या अभिभावक का विकल्प चुनकर आगे बढ़ा जा सकता है।