Tuesday, 17 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

इनसाइड स्टोरी : जेल से छूटने के बाद शादी में मिले दोस्त ने लालच देकर शुरू करवाया हेरोइन का धंधा

INT News17 November 2026 at 05:49 am

| जालंधर सीआईए स्टाफ (देहात) की टीम ने भोगपुर क्षेत्र में ट्रैप लगाकर 24 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी बूटा सिंह (निवासी गांव मुन्नन, गुरदासपुर) को गिरफ्तार कर उसके पास से 668 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी ने हेरोइन अपनी बाइक की सीट के नीचे छिपा रखी थी। थाना भोगपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। नशा तस्करी में बूटा पहली बार पकड़ा गया है, लेकिन वह असलहा (हथियार) तस्करी के मामले में पहले भी जेल जा चुका है। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि सीआईए इंचार्ज पुष्पबाली की देखरेख में एएसआई सुभाष कुमार की टीम जालंधर-पठानकोट हाईवे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव कुरेशियां के पास एक सुनसान जगह पर मोटरसाइकिल के साथ खड़े संदिग्ध युवक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, जिसे टीम ने मुस्तैदी से दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसकी प्लेटिना बाइक की सीट के नीचे से 668 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूरा नेटवर्क खंगालने के लिए 2 दिन का रिमांड : सीआईए इंचार्ज पुष्पबाली ने बताया कि अदालत से बूटा को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उसके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए गहराई से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि पिछले 2 साल के अंदर उसने नशा बेचकर कितनी चल-अचल संपत्ति बनाई है। बूटा के मोबाइल की बारीकी से जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम अमृतसर भेजी जा रही है। पूछताछ में 24 वर्षीय बूटा सिंह ने बताया कि वे तीन भाई हैं। वह खुद कबड्डी का खिलाड़ी है, लेकिन उसका सपना पुलिस में भर्ती होने का था। 12वीं पास करने के बाद उसने पुलिस भर्ती की तैयारी शुरू कर दी थी। खेल के साथ-साथ तैयारी भी अच्छी चल रही थी, लेकिन 14 अक्टूबर 2023 को मारपीट के एक मामले में उस पर केस दर्ज हो गया। हालांकि केस थाना स्तर पर जमानती था, लेकिन क्रिमिनल रिकॉर्ड बनने से पुलिस में भर्ती होने का उसका सपना टूट गया। उसने राजीनामे की बहुत कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इसी दौरान वह आपराधिक गैंग के संपर्क में आ गया। 29 नवंबर 2023 को पुलिस ने उसे हथियारों के साथ पकड़ लिया, जिसके चलते वह करीब एक साल जेल में रहा। बूटा ने बताया कि जेल से बाहर आने के बाद सब कुछ खत्म-सा हो गया था। इसी बीच वह अजनाला में एक शादी में गया, जहां उसकी दोस्ती 'बागा' नाम के युवक से हुई। बूटा ने जब उसे अपना दर्द बताया तो बागा ने कहा, "तुम टेंशन क्यों लेते हो? पैसे ही कमाने हैं तो हेरोइन बेचना शुरू कर दो। 3-4 साल में इतनी दौलत कमा लोगे, जितनी कभी सपने में भी नहीं सोची होगी।" बूटा के मुताबिक, पहले उसने परचून (छोटी मात्रा में) में हेरोइन बेचना शुरू किया। इससे घर की आर्थिक हालत तो सुधर गई, लेकिन करोड़पति बनने का सपना अभी बाकी था, इसलिए उसने अब बड़ी डील करनी शुरू कर दी थी।