Tuesday, 17 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पंजाब रोडवेज डिपो-1 में पुराने टायरों में लगी आग, फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियां लगीं... समय पर नीलामी हो जाती तो न होता हादसा

INT News17 November 2026 at 05:49 am

| जालंधर पंजाब रोडवेज के डिपो-1 की वर्कशॉप में सोमवार रात पुराने टायरों के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। रबर के टायरों ने कुछ ही देर में आग पकड़ ली और देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी भयानक थी कि इसकी लपटें डिफेंस कॉलोनी तक दिखाई दे रही थीं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं 20 के करीब फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 12:00 बजे तक आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि फायर ब्रिगेड को तुरंत सबस्टेशन दादा कॉलोनी, सर्जिकल कॉम्प्लेक्स और आसपास के इलाकों से गाड़ियों को बुलाना पड़ा, ताकि तुरंत आग पर काबू पाया जा सके। चूंकि रबर ने आग पकड़ ली थी और लपटें इतनी भीषण थीं कि डिपो के आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल गए। कई किलोमीटर तक आग की लपटों को देखा जा रहा था। रात को ड्यूटी पर मौजूद बलविंदर सिंह के मुताबिक, रात करीब 9 बजे आग भड़की। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। आग की चपेट में पुराने टायरों के अलावा वर्कशॉप में खड़ी बसों का कई कीमती सामान भी आ गया। वहीं, आसपास लगे पेड़ों को भी आग से काफी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण सामने नहीं आया है। ^ आग लगने का मुख्य कारण अभी सामने नहीं आया है। इसकी जांच करवाएंगे। मुलाजिमों ने खुद ही आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। -राजपाल सिंह, डिपो जीएम इत्तेफाक : लुधियाना में भी टायर गोदाम में आग ​लुधियाना में भी बस स्टैंड के अंदर बसों की मरम्मत करने वाली वर्कशॉप में पुराने टायरों के गोदाम में भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। आग की घटना को लीड कर रहे फायर ब्रिगेड के सीनियर अधिकारी एसएफओ मनिंदर कुमार जस्सी के दोनों हाथ घटना में झुलस गए, उन्हें देर रात अस्पताल ले जाकर उपचार करवाया गया। आग बुझाने में जस्सी के अलावा एसएफओ अविनाश सोंधी, एलएफएम गौरव भारद्वाज, फायरमैन सक्षम मेहरा, रणदीप, अभि गिल और जय चंद ने भूमिका निभाई। टायरों की नीलामी नहीं होना भी कारण इस घटना ने रोडवेज वर्कशॉप में लंबे समय से जमा पुराने टायरों और स्क्रैप के निस्तारण की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात है कि पुराने टायरों की समय पर नीलामी नहीं हो रही। वहीं, टायर प्लांट बंद होने के कारण इन टायरों का निस्तारण भी नहीं हो पा रहा। इसके चलते वर्कशॉप परिसर में पुराने टायरों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।