समाचार · हरियाणा
करनाल में अज्ञात वाहन की कार से टक्कर:हादसे में कार चालक की मौत,घर लौटते समय हुआ हादसा
करनाल जिला के मुनक थाना क्षेत्र में बल्लाह गांव के नजदीक देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई। वह असंध से कोहंड की तरफ लौट रहा था। रास्ते में सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की पहचान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की पहचान कोहंड निवासी 43 वर्षीय सतबीर के रूप में हुई है। उसके परिवार में चार बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है। सतबीर शुक्रवार रात किसी काम से असंध गया था और देर रात करीब 12 बजे अपनी कार में सवार होकर वापस कोहंड लौट रहा था। तेज रफ्तार वाहन ने मारी सीधी टक्कर
बल्लाह गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी कार को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में सतबीर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने दी पुलिस को सूचना
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। शिकायत के आधार पर केस दर्ज, जांच जारी
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई बलदेव की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बल्लाह चौकी इंचार्ज रोहताश ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।