समाचार · झारखंड
Godda News: पोड़ैयाहाट बाजार में चला प्रशासन का बुलडोजर, मेन रोड से हटाया गया अतिक्रमण

पोड़ैयाहाट से रवि ठाकुर की रिपोर्ट
Godda News: पोड़ैयाहाट मुख्य मार्ग पर लग रहे जाम और लोगों को पैदल चलने में हो रही परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने शनिवार को पोड़ैयाहाट बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. सीओ अमित किस्कू के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने बाजार के दोनों ओर सड़क किनारे लगाए गए ठेले, टेंट और अस्थायी दुकानों को बुलडोजर की मदद से हटाया. सुबह 10 बजे से शुरू हुई कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. कार्रवाई से पहले माइक से लोगों को चेतावनी दी गई और स्वयं सामान हटाने का समय दिया गया. इसके बावजूद नहीं मानने वाले दुकानदारों के अतिक्रमण को जेसीबी से तोड़ा गया.
अतिक्रमण के कारण हमेशा लगता है जाम
सीओ अमित किस्कू मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी की. प्रशासन का कहना है कि बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम लग रहा था. स्कूल जाने वाले बच्चों और मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस को भी परेशानी होती थी. कई बार दुर्घटना की स्थिति भी बन जाती थी. बार-बार समझाने के बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटा तो मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ी. इस दौरान लगभग 50 मीटर तक फैले अवैध निर्माण, सीढ़ी, टिन शेड और ठेले हटाए गए.
कानून को उल्लंघन करने वालों का होगी कार्रवाई
दुकानदारों से अपील की गई कि वे सरकारी जमीन पर कब्जा न करें और निर्धारित जगह पर ही दुकान लगाएं. स्थानीय लोगों ने अभियान का स्वागत किया. ग्रामीणों ने कहा कि अतिक्रमण हटने से बाजार में आवागमन सुगम होगा. सीओ अमित किस्कू ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. सरकारी जमीन को मुक्त कराकर आम जनता के लिए रास्ता साफ रखा जाएगा. कानून का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई तय है.
ये भी पढ़ें…
गोड्डा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, मौके पर मौत, ग्रामीणों ने फोरलेन किया जाम
गोड्डा में महिला की संदिग्ध मौत, पति पर गला दबाकर हत्या का आरोप