समाचार · छत्तीसगढ़
जीपीएम में तेज रफ्तार का कहर:कोयले से लदी हाइवा खंभे से टकराई,ड्राइवर गंभीर घायल, ट्रेलर ने 10 मवेशियों को रौंदा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में शुक्रवार को तेज रफ्तार भारी वाहनों की वजह से दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। पेंड्रा मुख्य मार्ग पर कोयले से लदी एक हाइवा विज्ञापन होर्डिंग के खंभे से टकरा गई, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, कोटमी-मरवाही मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने करीब 10 मवेशियों को कुचल दिया। पहला हादसा पेंड्रा मुख्य मार्ग पर हुआ। कोयले से लदी हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विज्ञापन होर्डिंग के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। नगर पालिका पर उठे सवाल हादसे के बाद नगर पालिका पेंड्रा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टेट हाईवे-4 और गौरव पथ पर डिवाइडर को काटकर विज्ञापन एजेंसियों को बड़े होर्डिंग लगाने की अनुमति दी गई है। लोगों का कहना है कि इसी स्थान पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। ट्रेलर ने 10 मवेशियों को कुचला दूसरी घटना कोटमी-मरवाही मुख्य मार्ग पर रुमगा गांव के पास हुई। यहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पर बैठे और गुजर रहे करीब 10 मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कई मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। भारी वाहनों की रफ्तार पर नाराजगी लगातार हो रहे हादसों के बाद स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि यदि ऐसे वाहनों पर सख्ती नहीं की गई तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं।