समाचार · मध्य प्रदेश
कांग्रेस के नोटिस पर प्रियंका किरार का सवाल:जिला अध्यक्ष पर कार्रवाई क्यों नहीं?; बोलीं- मैं सौदेबाज नेताओं के खिलाफ बोलती रहूंगी
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महिला उत्पीड़न प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष प्रियंका किरार ने संगठन प्रभारी महासचिव द्वारा दिए गए नोटिस को महिला उत्पीड़न जैसा बताया है। अपनी पीड़ा सोशल मीडिया पर जताते हुए प्रियंका ने लिखा है कि आखिर महिला को ही नोटिस क्यों दिया गया? फिर तो पार्टी के बड़े नेताओं के खिलाफ बोलने वाले नेताओं को भी नोटिस मिलना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया है कि पार्टी गाइडलाइन के खिलाफ जाकर पार्टी के निर्देशों का उल्लंघन करके टीवी डिबेट में बैठने वाले विदिशा जिला कांग्रेस अध्यक्ष को नोटिस क्यों नहीं दिया गया। नोटिस मिलने के बाद फेसबुक पर लिखा- सौदेबाज नेताओं के खिलाफ बोलती रहूंगी प्रियंका ने नोटिस के बाद सोशल मीडिया में लिखा कि मैं पार्टी की ईमानदार कार्यकर्ता हूं और पार्टी के सौदेबाज नेताओं के खिलाफ बोलती रहूंगी l मैं अपनी व्यथा 3 महीने से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को बता रही थी लेकिन सभी ने अनसुना किया। जिला अध्यक्ष के कहने पर पार्टी को सच्चाई न बताते हुए गुमराह किया जा रहा है। प्रियंका ने आगे लिखा है कि आखिर महिला को ही नोटिस क्यों दिया गया? फिर तो पार्टी के बड़े नेताओं के खिलाफ बोलने वाले नेताओं को भी नोटिस मिलना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया है कि पार्टी गाइडलाइन के खिलाफ जाकर पार्टी के निर्देशों का उल्लंघन करके टीवी डिबेट में बैठने वाले जिला अध्यक्ष को नोटिस क्यों नहीं दिया गया?। क्या महिला होने के कारण जिला अध्यक्ष मेरा अपमान करेंगे? प्रियंका ने यह भी लिखा है कि क्या महिला होने के नाते जिला अध्यक्ष मेरा अपमान करेंगे और पीसीसी ऐसा करके क्या संदेश देना चाहती है कि वह अपने जिला अध्यक्ष को खुली छूट देगी कि वह महिला और जवाबदार पद पर रहने वाली पार्टी पदाधिकारी का अपमान करे, हमारे साथ भेदभाव करे l पार्टी का ये निर्णय, मेरे जैसे ईमानदार और खून पसीने से पार्टी को सींचने वाले के खिलाफ है। जो पार्टी में रहकर पार्टी को नुकसान पहुंचाए, बीजेपी से कंप्रोमाइज करे, जिले में गुटबाजी फैलाए, ईमानदार कार्यकर्ता का शोषण करे, उन्हें पुरस्कृत करेगी l प्रियंका ने यह भी लिखा है कि नोटिस का जवाब दिया जाएगा, तथ्यों के साथ। मेरे नेता राहुल गांधी ने कहा है सच बोलो, डरो मत, तो क्या पार्टी में सच बोलने बालों को नोटिस रूपी सजा दी जाएगी l मेरी लड़ाई मेरी मां समान कांग्रेस पार्टी से नहीं, बल्कि जो मेरी मां समान पार्टी को नुकसान पहुंचाए, उनसे है और में अपनी पार्टी को बचाने ये लड़ाई लड़ती रहूंगी l मैं पार्टी द्बारा दिए गए नोटिस का सम्मान करती हूं और नोटिस का जवाब दूंगी। प्रियंका ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया पर यह लिखा था- प्रियंका किरार ने सोशल मीडिया पर पार्टी के जिला अध्यक्ष को लेकर जो बातें लिखीं और जो नोटिस का कारण बनीं, उसमें प्रियंका ने लिखा था कि क्या मध्यप्रदेश कांग्रेस के निर्देशों का उल्लंघन करने पर विदिशा जिला कांग्रेस के अध्यक्ष मोहित रघुवंशी पर कोई कार्रवाई होगी? क्योंकि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा एक पत्र जारी किया गया। पत्र डीसीसी ग्रुप विदिशा पर स्वयं जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी द्वारा डाला गया कि आज की किसी भी डिबेट में कांग्रेस का कोई भी व्यक्ति नहीं बैठेगा और मुख्यमंत्री मोहन यादव के खिलाफ 3 दिन मौन सत्याग्रह पर रहेंगे। प्रियंका ने यह भी लिखा कि मैं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व से पूछना चाहती हूं कि क्या इनके खिलाफ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के उल्लंघन करने की कोई कार्रवाई की जाएगी या जिला कांग्रेस अध्यक्ष अपनी मनमानी करते रहेंगे और कांग्रेस को कमजोर करते रहेंगे l