समाचार · हरियाणा
अंबाला में BSNL से रिटायर्ड कर्मी से 2.87 लाख ठगे:PNB रिटायर्ड पेंशन स्कीम का दिया झांसा, ₹1 का ट्रांसक्शन कराया, अकाउंट से उड़े रुपए
अंबाला में बीएसएनएल से रिटायर अधिकारी से ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने पीएनबी रिटायर्ड पेंशन स्कीम के नाम पर उनसे 2 लाख 87 हजार 414 रुपए ठग लिए। अंबाला साइबर क्राइम थाना पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना अंबाला कैंट के रामनगर निवासी सोमनाथ (78) के साथ हुई। ठगों ने उन्हें मेडिकल, एयर फ्लाइट और रेलवे टिकटों में छूट का झांसा दिया, जिसके बाद उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लिए गए। सोमनाथ ने पुलिस को बताया कि 30 जून 2026 को फेसबुक चलाते समय उन्हें पीएनबी रिटायर्ड पेंशन स्कीम का एक विज्ञापन दिखा था। इस विज्ञापन में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए कई आकर्षक लाभ और छूट का दावा किया गया था। विज्ञापन के झांसे में आकर सोमनाथ ने वहां दिए गए विकल्प पर क्लिक कर दिया और अपनी जन्मतिथि (DOB) दर्ज कर दी। इसके बाद साइबर ठगों ने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। ₹1 की फीस के नाम पर ले ली गोपनीय जानकारी विज्ञापन पर क्लिक करने के अगले दिन यानी 1 जुलाई को बुजुर्ग के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम राकेश मिश्रा बताया और कहा कि आपकी आवेदन रिक्वेस्ट हमें मिल गई है। उसने बेनिफिट कार्ड जारी करने के बहाने बुजुर्ग से उनके एटीएम कार्ड का नंबर, गोपनीय पिन और सीवीवी (CVV) नंबर मांग लिया। बुजुर्ग उसकी बातों में आ गए और सारी जानकारी शेयर कर दी। इसके बाद शातिर ठग ने सिर्फ 1 रुपए की ट्रांजेक्शन फीस जमा करने को कहा। सोमनाथ ने उसके बताए अनुसार ऑनलाइन खुली एक एप्लीकेशन में अपने एटीएम कार्ड की डिटेल और पिन भरकर 1 रुपए का भुगतान कर दिया। ठग ने भरोसा दिया कि बेनिफिट कार्ड व्हाट्सएप और डाक के जरिए उनके घर पहुंच जाएगा। बैंक बैलेंस चेक किया तो उड़े होश, दो खातों से साफ की रकम 2 जुलाई को जब सोमनाथ ने 'पीएनबी वन' ऐप के माध्यम से अपने पंजाब नेशनल बैंक के दो अलग-अलग खातों का बैलेंस चेक किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। ठगों ने उनके दोनों बैंक खातों से कुल 2 लाख 87 हजार 414 रुपए किसी अज्ञात खाते में ट्रांसफर कर लिए थे। साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज बुजुर्ग ने तुरंत इस धोखाधड़ी की शिकायत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर दर्ज कराई। इसके बाद पंचकुला नोडल साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से मिली जीरो एफआईआर के आधार पर अंबाला साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) के तहत मुकदमा नंबर 57 दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और उस बैंक खाते व मोबाइल नंबर को ट्रैक करने में जुटी है जिसके जरिए इस ठगी को अंजाम दिया गया।