Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भिंड में सरकारी पंजीयन में फर्जीवाड़ा:समिति प्रभारी- ऑपरेटर समेत चार पर FIR, किसानों का गलत रकबा दर्ज करने का आरोप

INT News4 July 2026 at 04:52 pm

भिंड जिले में समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी के लिए किए जाने वाले सरकारी पंजीयन में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। किसानों के नाम पर गलत रकबा दर्ज कर फर्जी पंजीयन किए जाने के आरोप में मिहोना थाना पुलिस ने दो सहकारी समिति प्रभारियों और दो ऑपरेटरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं लहार क्षेत्र में भी एक दर्जन से अधिक समिति प्रभारियों और ऑपरेटरों के खिलाफ शिकायत पुलिस तक पहुंची है। जानकारी के अनुसार, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की जांच में किसानों के नाम पर गलत भूमि विवरण और रकबा दर्ज कर उपार्जन पंजीयन किए जाने की अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुनील मुद्गल ने मिहोना थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सेवा सहकारी संस्था जैतपुरा के प्रभारी संजीव पाठक, ऑपरेटर राहुल कुमार, सेवा सहकारी संस्था मिहोना के प्रभारी सीताराम मानिक तथा ऑपरेटर सौरभ बरुआ के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। मिहोना थाना प्रभारी रोहित गुप्ता ने बताया कि शिकायत में किसानों के नाम पर गलत रकबा दर्ज कर पंजीयन किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लहार में भी जांच जारी

उधर, एसडीएम कार्यालय के निर्देश पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुनील मुद्गल ने लहार थाने में भी करीब एक दर्जन सहकारी समिति प्रभारियों और ऑपरेटरों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस शिकायत की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक साक्ष्य मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। सरकारी उपार्जन व्यवस्था में सामने आए इस फर्जीवाड़े से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि जांच का दायरा बढ़ने पर इस मामले में और भी जिम्मेदार लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।

भिंड में सरकारी पंजीयन में फर्जीवाड़ा:समिति प्रभारी- ऑपरेटर समेत चार पर FIR, किसानों का गलत रकबा दर्ज करने का आरोप · Indian News Trust