Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

सऊदी अरब जाने वाली इंडिगो की सभी उड़ानें 30 नवंबर तक रद्द, यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी

INT News18 November 2026 at 08:31 pm

सऊदी अरब में मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए इंडिगो ने अपनी सभी उड़ानों को 30 नवंबर 2026 तक रद्द करने का फैसला किया है. इसमें सऊदी अरब के चार प्रमुख शहरों जेद्दा, मदीना, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली उड़ानें शामिल हैं.

एयरलाइन ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर इसकी जानकारी दी. इंडिगो ने कहा कि सऊदी अरब में मौजूदा सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर 30 नवंबर (समेत) तक इन चारों शहरों के लिए सभी उड़ानें रद्द रहेंगी.

एयरलाइन के मुताबिक, प्रभावित यात्रियों को टिकट बुकिंग के समय दिए गए संपर्क विवरण के जरिये इसकी सूचना दी जा रही है. इंडिगो ने कहा कि वह क्षेत्र के हालात पर लगातार नजर रख रही है और स्थिति का आकलन कर रही है. यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.

एयर इंडिया और अकासा भी रद्द कर चुकी हैं उड़ानें

इससे पहले एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 13 नवंबर को रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली उड़ानों को 30 नवंबर तक रद्द रखने का फैसला किया था. वहीं, जेद्दा की उड़ानें 21 नवंबर तक निलंबित की गई थीं.

अकासा एयर ने भी 12 नवंबर को रियाद और जेद्दा से आने-जाने वाली अपनी उड़ानों को 30 नवंबर तक रद्द करने की घोषणा की थी.

हूती विद्रोहियों के हमलों से बढ़ी सुरक्षा चिंता

सऊदी अरब के शहरों और वहां के बुनियादी ढांचे को हूती विद्रोहियों के हमलों का सामना करना पड़ा है. क्षेत्र में जारी सुरक्षा चिंताओं के बीच विमानन कंपनियां लगातार स्थिति की समीक्षा कर रही हैं और एहतियातन उड़ानों को निलंबित कर रही हैं.