Friday, 30 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

"मेरा भरोसा ही मेरा घमंड था रे... वो टूटा, तो सब कुछ बिखर गया!" Eetha बाई बन कर छाई श्रद्धा कपूर

INT News30 October 2026 at 02:58 pm

Eetha' Trailer Release: बॉलीवुड में अब तक कई अलग-अलग किरदार निभा चुकीं श्रद्धा कपूर एक बार फिर अपने नए अवतार से दर्शकों को चौंकाने की तैयारी में हैं. उनकी अगली फिल्म 'ईठा' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. इस बार श्रद्धा महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी और तमाशा की दुनिया में नजर आएंगी. नौवारी साड़ी, पारंपरिक गहने और लावणी के खास अंदाज में उनका लुक काफी अलग दिखाई दे रहा है. लेकिन फिल्म की कहानी सिर्फ नाच-गाने तक सीमित नहीं है. इसमें एक ऐसी महिला का संघर्ष दिखाया गया है, जो अपनी कला के दम पर दुनिया में अपनी पहचान बनाना चाहती है.

विठाबाई नारायणगांवकर से प्रेरित है श्रद्धा का किरदार

फिल्म 'ईठा' में श्रद्धा कपूर महाराष्ट्र की मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर से प्रेरित किरदार निभा रही हैं. ट्रेलर में उनका पारंपरिक मराठी लुक और लावणी डांस देखने को मिलता है. नौवारी साड़ी और पारंपरिक गहनों में श्रद्धा अपने किरदार को पूरी तरह से जीती नजर आ रही हैं. कहानी एक ऐसी महिला की है, जिसके सपने बड़े हैं और जो अपने रास्ते में आने वाली मुश्किलों के सामने हार मानने को तैयार नहीं है.

लावणी की चमक के पीछे छिपा है कलाकारों का संघर्ष

'ईठा' की कहानी महाराष्ट्र की लोककला लावणी और तमाशा की दुनिया को करीब से दिखाती है. इस दुनिया में मंच पर रंगीन रोशनी, संगीत और दर्शकों की तालियां तो हैं, लेकिन इसके पीछे कलाकारों का संघर्ष भी छिपा है. सामाजिक रूढ़ियों के बीच अपनी कला को पहचान दिलाना और सम्मान के साथ जिंदगी जीना आसान नहीं होता. फिल्म इसी पहलू को सामने लाने की कोशिश करती है.

'यह सिर्फ कपड़ा नहीं, अभिमान है', ट्रेलर का यह डायलॉग है खास

फिल्म के ट्रेलर में एक डायलॉग काफी ध्यान खींचता है- "यह सिर्फ कपड़ा नहीं, अभिमान है." नौवारी साड़ी से जुड़ा यह संवाद मराठी संस्कृति और महिलाओं के स्वाभिमान को दिखाता है. फिल्म में पारंपरिक वेशभूषा, भव्य सेट और उस दौर का माहौल कहानी को खास बनाते हैं. यहां लावणी सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि कलाकारों की पहचान और आत्मसम्मान का हिस्सा बनकर सामने आती है.

अजय-अतुल के संगीत पर थिरकेंगी श्रद्धा कपूर

फिल्म में संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने संभाली है, जबकि वैभवी मर्चेंट ने गानों की कोरियोग्राफी की है. लावणी की खास ऊर्जा और पारंपरिक अंदाज को पर्दे पर उतारने में संगीत और डांस की अहम भूमिका होगी. श्रद्धा के अलावा फिल्म में रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी और सिद्धार्थ जाधव भी अहम किरदारों में नजर आएंगे.

कब रिलीज होगी 'ईठा'?

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी 'ईठा' को दिनेश विजन, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा ने प्रोड्यूस किया है. मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. श्रद्धा कपूर का यह नया अवतार और लावणी की दुनिया की अनसुनी कहानी फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रही है

ये भी पढ़ें: ‘ईठा’ में रणदीप हुड्डा का नया अंदाज, श्रद्धा कपूर ने दिखाई पहली झलक

ये भी पढ़ें: मां का टूटा रिश्ता, खुद झेला टॉक्सिक रिलेशनशिप, अब सगाई के बाद फिर दर्द में Jiya Shankar? मंगेतर KD को किया अनफॉलो