Sunday, 15 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

राइस मिल को थमाया ₹153 करोड़ का बिजली बिल:फतेहाबाद में 20 करोड़ यूनिट खपत दिखाई; मीटर की पुरानी रीडिंग 41 और नई जीरो

INT News14 November 2026 at 10:21 pm

फतेहाबाद के जाखल में बिजली निगम की बिलिंग व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) की ओर से जाखल खंड के गांव नथुवाल स्थित एक राइस मिल को ऐसा बिजली बिल भेजा गया है, जिसे देखकर मिल संचालक के होश उड़ गए। राइस मिल संचालक को नवंबर 2026 का कुल 153 करोड़ 36 लाख 49 हजार 476 रुपए का बिल थमा दिया गया है। इतनी बड़ी रकम का बिल आने से संचालक परेशान है और बिजली निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानें, बिल में क्या दर्शाया गया… बिजली निगम की ओर से जारी बिल के अनुसार, MVD AGRO INDUSTRIES, गांव नथुवाल के नाम से जारी इस बिल की कुल देय राशि 1,53,36,49,476 रुपए दर्शाई गई है। बिल की जारी करने की तारीख 10 नवंबर 2026 है, जबकि भुगतान की अंतिम तिथि 17 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, निर्धारित तिथि के बाद भुगतान करने पर सरचार्ज सहित कुल राशि बढ़कर 1,55,59,08,985 रुपए हो जाएगी। बिल में 2,22,59,509 रुपए सरचार्ज भी दर्शाया गया है। बिल में दर्ज आंकड़े और भी हैरान करने वाले हैं। स्लैब कैलकुलेशन में 19,99,99,918 यूनिट की खपत दर्शाई गई है। इसके लिए 6.95 रुपए प्रति यूनिट की दर से 1,38,99,99,430.10 रुपए का ऊर्जा शुल्क लगाया गया है। इसके अतिरिक्त फिक्स्ड चार्ज 1,12,313.38 रुपए, एफपीपीएएस के रूप में 9,39,99,962.40 रुपए, म्युनिसिपल टैक्स के रूप में 2,96,82,234.12 रुपए और बिजली ड्यूटी के रूप में 1,99,99,992 रुपए जोड़े गए हैं। मीटर रीडिंग के आंकड़ों ने भी खड़े किए सवाल बिल के मीटर रीडिंग विवरण के अनुसार, मीटर नंबर X2718240 की पुरानी रीडिंग 41 और नई रीडिंग शून्य दिखाई गई है।बिल में रीडिंग की अवधि 1 सितंबर से 1 नवंबर 2026 तक कुल 62 दिन दर्शाई गई है। वहीं, स्लैब कैलकुलेशन में करोड़ों यूनिट की खपत दर्ज होना पूरे मामले को और गंभीर बना रहा है। ऐसे में मीटर रीडिंग, यूनिट और बिलिंग की गणना की जांच जरूरी हो गई है। बिल में 1,46,349.80 रुपए की पुरानी बकाया राशि भी दर्शाई गई है। वहीं, पिछले भुगतान के विवरण में 30 अक्टूबर 2026 को 1.50 लाख रुपए जमा होने की जानकारी दी गई है। पहले भी दी जा चुकी है शिकायत मिल संचालक दीपक सिंगला के अनुसार, इस मामले को लेकर उसके द्वारा एक शिकायत निगम को पहले भी दी जा चुकी है। परन्तु अभी तक कोई कार्यवाही न होने के चलते मिल संचालक परेशान है। मिल संचालक दीपक सिंगला ने बताया कि बिजली निगम द्वारा जारी किया गया इस बिल से लेकर उसे मानसिक परेशानी हुई है। शिकायत के बाबजूद भी समस्या का निदान नही किया गया। बल्कि उसके मिल में मीटर काटने के लिए कर्मचारियों को भेज दिया गया। एसडीओ बोले- तकनीकी खराबी से हुआ होगा वहीं, इस मामले में बिजली निगम जाखल के एसडीओ राकेश कुमार ने बताया कि मीटर में तकनीकी कारण के चलते खराबी आई होगी। अगर उपभोक्ता को परेशानी आ रही है तो वह कार्यलय में आकर अपनी समस्या का समाधान करवा सकता है।