समाचार · झारखंड
16 घंटे से क्षेत्र में लगातार हो बारिश, जानें कहा क्या है हालात..

चक्रधरपुर. चक्रधरपुर में पिछले 16 घंटे से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा. लगातार बारिश से शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. रेलवे क्षेत्र के जी ब्लॉक में बारिश के दौरान एक विशाल पेड़ गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा. वहीं, पेड़ गिरने से आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
रास्ता जलमग्न, आवागमन रहा बाधित
इधर, रानी स्कूल रोड में तालाब का पानी सड़क पर आने से पूरा रास्ता जलमग्न रहा. सड़क पर काफी मात्रा में पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई. दोपहिया वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. वहीं दंदासाई वार्ड संख्या पांच में भी लगातार बारिश से सड़कों पर जलजमाव हो गया. कई स्थानों पर पानी जमा रहने से लोगों का आवागमन प्रभावित रहा. साथ ही, बारिश के दौरान शहर में बिजली की आंख-मिचौली भी जारी रही.
लगातार बारिश से संजय नदी का जलस्तर बढ़ा
दूसरी ओर संजय नदी का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है. नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के इलाकों के लोगों में चिंता बढ़ गयी है. प्रशासन और स्थानीय लोग नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं. शहरवासियों ने जलजमाव वाले इलाकों से पानी की निकासी के लिए तत्काल व्यवस्था करने तथा नालियों की सफाई कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल बारिश के दौरान कई इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है.