समाचार · मध्य प्रदेश
बुरहानपुर की असीरगढ़ दरगाह पर उर्स में रातभर कव्वाली:गूंजे देशभक्ति के गीत, हजारों जायरीन पहुंचे; रोशनी से सजे परिसर में मेला लगा
बुरहानपुर के असीरगढ़ स्थित हजरत ख्वाजा सैयद शाह नोमान शाह चिश्ती शिराजी आसेरी सरकार की दरगाह पर उर्स के अवसर पर विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ गुरुवार रात कव्वाली का आयोजन किया गया। इसमें हजारों की संख्या में जायरीन पहुंचे। यह आयोजन रातभर चला, जिसमें कव्वाली कलाकारों ने कई अश्आर प्रस्तुत किए। कलाकारों ने "दिल दिया है जान भी देंगे, ऐ वतन तेरे लिए…" जैसे देशभक्ति गीत भी गाए, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल से गूंज उठा। रातभर लोगों की भीड़ जमा रही
रातभर असीरगढ़ में हजारों लोगों की भीड़ जमा रही। उर्स के मौके पर यहां एक मेले का भी आयोजन किया गया था। हर साल बुरहानपुर के अलावा मध्य प्रदेश और देशभर के विभिन्न शहरों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, और इस साल भी हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। दरगाह और उसके परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। यह आयोजन प्रतिवर्ष हजरत शाह नोमान शाह सोशल वेलफेयर सोसायटी और उर्स कमेटी द्वारा किया जाता है। कव्वाल अजमत आफताब वारसी और उनकी टीम ने कव्वाली की प्रस्तुति दी।