Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ऊर्जा मंत्री के क्षेत्र में बिजली कर्मचारी को बंधक बनाया:कमरे में बंद कर तीन कुत्ते छोड़े, 17 जगह काटा; बंदूक दिखाकर दी मारने की धमकी

INT News14 August 2026 at 11:56 am

ग्वालियर में ऊर्जा मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर के विधानसभा क्षेत्र के इंदिरा नगर में गुरुवार को बिजली बिल चेक करने गए निजी कर्मचारी से मारपीट और बंधक बनाकर कुत्तों से कटवाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने कर्मचारी को पकड़ा और कमरे में बंद कर दिया और तीन कुत्ते (पिटबुल, रॉटवीलर और जर्मन शेफर्ड) छोड़ दिए। जिन्होंने कर्मचारी को 17 जगह काटा है। आरोपी ने बिल चेक करने वाली मशीन भी सड़क पर पटककर तोड़ दी और बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। जैसे-तैसे छूटकर भागे कर्मचारी ने हजीरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बिल चेक करने पर शुरू हुई कहासुनी शताब्दीपुरम निवासी रविन्द्र सिंह राजावत (40) हजीरा जोन में बिजली विभाग के लिए निजी कर्मचारी के तौर पर काम करते हैं। उनकी शिकायत के मुताबिक 13 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे वे साथी आदित्य भदौरिया के साथ डिब्बा वाली गली के पीछे इंद्रानगर में बिजली बिल चेक कर रहे थे। इसी दौरान वीरू तोमर स्कूटी से वहां पहुंचा और दोनों से पूछा कि वे कौन हैं। बिजली विभाग का कर्मचारी होने की जानकारी देने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। बिलिंग मशीन सड़क पर पटकी विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आदित्य के हाथ से बिल चेक करने वाली मशीन छीन ली। आरोप है कि उसने मशीन से बैटरी, सिम और रील निकालकर फेंक दी और उसे सड़क पर पटक दिया, जिससे मशीन टूट गई। इसके बाद वह अपने घर के अंदर गया और तीन पालतू कुत्तों को बाहर निकाल दिया। आरोप है कि कुत्तों ने कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इसमें से एक कर्मचारी भाग गया, जबकि दूसरा फंस गया। रविन्द्र को घसीटकर घर के अंदर ले गए पीड़ित का आरोप है कि आरोपी रविन्द्र को घसीटकर घर के अंदर ले गया और एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद तीनों कुत्तों को उसके ऊपर छोड़ दिया गया। रविन्द्र के मुताबिक कुत्तों ने उसके दोनों हाथ, जांघों और बाएं पैर की पिंडली समेत शरीर पर काटा। इसके बाद आरोपी ने डंडे से उसके सिर पर भी हमला किया। दोबारा मोहल्ले में नहीं दिखने की धमकी दी घटना के दौरान आदित्य ने परिचितों को फोन कर मौके पर बुलाया। लोगों के पहुंचने पर आरोपी के घर से बंदूक लेकर बाहर आने और कर्मचारियों को धमकाने का आरोप है। पीड़ित के मुताबिक आरोपी ने खुद को इलाके का डॉन बताते हुए धमकी दी कि दोबारा मोहल्ले में बिल चेक करने आए तो जान से खत्म कर देगा। 'एक कुत्ते को संभालता तो दूसरा हमला कर देता' रविन्द्र ने बताया कि कमरे में तीनों कुत्ते लगातार उस पर हमला कर रहे थे। उसके मुताबिक, एक कुत्ते को संभालने की कोशिश करता तो दूसरा हमला कर देता था। इसी दौरान आसपास रहने वाली ऊर्जा मंत्री की बहन के वहां पहुंचने और उसे बचाने का दावा पीड़ित ने किया है। आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच पीड़ित ने आरोपी को इलाके का दबंग बताते हुए उसके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले होने का दावा किया है। उसने हत्या और हत्या के प्रयास जैसे मामलों में नाम होने की बात भी कही है। हालांकि, पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि कर रही है। पुलिस ने शुरू की जांच हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के मुताबिक इंदिरा नगर में बिजली कर्मचारी से मारपीट की शिकायत मिली है। कुत्तों से कटवाने का आरोप भी लगा है। मामले में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।