Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

15 अगस्त पर पूरे बिहार में हाई अलर्ट, ड्रोन से होगी निगरानी, IG-DIG से लेकर SP तक को पटना से मिला ये आदेश

INT News14 August 2026 at 11:51 am

Independence Day: बिहार में स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है. खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है.

रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, धार्मिक स्थल, बाजार और दूसरे भीड़भाड़ वाले इलाकों पर खास नजर रहेगी. पटना समेत संवेदनशील जिलों में केंद्रीय बल, बी-सैप, जिला पुलिस और होमगार्ड की अतिरिक्त टुकड़ियां भेजी गई हैं.

भारत-नेपाल सीमा से जुड़े जिलों में विशेष चौकसी

पुलिस मुख्यालय ने आईजी, डीआईजी और सभी जिलों के एसपी-एसएसपी को सतर्क रहने को कहा है. रेल पुलिस को भी विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं.

आतंकी और उग्रवादी धमकियों को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा से जुड़े जिलों में खास चौकसी बरती जाएगी. पूर्व में उग्रवाद प्रभावित रहे जिलों के एसपी को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.

सार्वजनिक जगहों पर बढ़ेगी निगरानी

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सार्वजनिक गश्ती बढ़ाई जाएगी. पुलिस अधिकारी खुद इसकी निगरानी करेंगे.

प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी. इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी. संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

गांधी मैदान में तीन स्तर की सुरक्षा

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य राजकीय समारोह होगा. यहां सुरक्षा के लिए त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है. गांधी मैदान के अंदर और बाहर दंडाधिकारी और पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. प्रवेश मार्गों और आसपास के इलाकों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी.

ड्रोन से होगी गांधी मैदान की निगरानी

मुख्य समारोह के दौरान गांधी मैदान और आसपास के इलाके पर ड्रोन से नजर रखी जाएगी. प्रशासन ने समारोह की तैयारियां पूरी कर ली हैं. अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की गई. सभी कार्यक्रम निर्धारित समय पर कराने की तैयारी है.

1500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. सुरक्षा व्यवस्था को चार सेक्टर में बांटा गया है. गांधी मैदान के अंदर एक अस्थायी पुलिस थाना भी बनाया गया है. इसमें SHO समेत 24 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. ये जवान पिछले एक सप्ताह से लगातार निगरानी कर रहे हैं.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

होटल और लॉज की भी हो रही जांच

पुलिस ने गांधी मैदान के आसपास मौजूद होटल और लॉज की जांच शुरू कर दी है. होटल संचालकों और मैनेजरों को बिना जरूरी दस्तावेज किसी व्यक्ति को कमरा नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं. संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है.

शहर में जगह-जगह वाहन जांच

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास भी पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है. सीमावर्ती इलाकों के चेक पोस्ट पर सघन जांच की जा रही है. इसके अलावा प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच हो रही है. पुलिस आपराधिक और असामाजिक तत्वों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है.

अधिकारी बोले- सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं

एडीजी (विधि व्यवस्था) केएस अनुपम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर एहतियातन पुलिस की चौकसी बढ़ाई गई है. भारत-नेपाल सीमा, रेलवे और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी. 15 अगस्त को लेकर बिहार में सुरक्षा का पूरा तंत्र अलर्ट है. समारोह स्थलों से लेकर भीड़भाड़ वाले इलाकों तक पुलिस की पैनी नजर रहेगी.

Also Read: बिहार के गांवों में अब पंचायत भवन से बनेगा आधार कार्ड, सम्राट सरकार का 8053 पंचायतों के लिए नया प्लान, मिलेंगी 64 सुविधाएं