Sunday, 20 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

LNIPE गेट पर पुतला लटकाकर छात्रों ने जताया विरोध:ग्वालियर में छात्रों का धरना 12वें दिन भी जारी; कैमरामैन भेजने का आरोप, थाने में दी शिकायत

INT News20 September 2026 at 03:49 pm

ग्वालियर स्थित लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (LNIPE) में न्याय और विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का धरना रविवार को 12वें दिन भी जारी रहा। बारिश, आंधी और तेज धूप के बावजूद छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। विरोध जताते हुए छात्रों ने संस्थान के मुख्य द्वार पर एक पुतला लटका दिया। छात्रों का कहना है कि मांगों पर ठोस फैसला होने तक आंदोलन जारी रहेगा। पुतला लटकाकर जताया प्रतीकात्मक विरोध छात्र विनोद सेन ने बताया कि गेट पर पुतला लटकाना प्रतीकात्मक विरोध है। यह उन विद्यार्थियों की स्थिति को दर्शाता है, जिन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। उनका कहना है कि 12 दिन बीतने के बाद भी छात्रों की मांगों पर कोई ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आया है। कैमरामैन भेजने का लगाया आरोप आंदोलनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि शनिवार को उनके बीच संस्थान की ओर से एक कैमरामैन भेजा गया था। छात्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान कैमरामैन ने बताया कि उसे संस्थान के PRO तरुण के निर्देश पर भेजा गया था। छात्रों का दावा है कि उसे यह पता लगाने के लिए भेजा गया था कि धरने में कौन-कौन से छात्र सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं और कौन क्या गतिविधि कर रहा है। ऑडियो रिकॉर्डिंग का दावा, थाने में दिया आवेदन छात्रों ने बताया कि उनके पास कैमरामैन से हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। उन्होंने बिना अनुमति धरना स्थल पर फोटो और वीडियो बनाए जाने को लेकर संबंधित थाने में लिखित आवेदन भी दिया है। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगों का समाधान नहीं होने तक धरना जारी रहेगा।