Sunday, 20 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

घर लौटने की राह में काल बनकर आया हादसा, दो बाइकों की टक्कर के बाद क्या हुआ... ऐसे हुई जमशेदपुर के युवक की मौत

INT News20 September 2026 at 04:57 pm

जैंतगढ़. ओडिशा के चंपुआ थाना क्षेत्र में वैतरणी पुल के समीप रविवार को भीषण सड़क हादसे में टाटानगर निवासी युवक संजय कुमार की मौत हो गयी. हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

पहले दो बाइकों में हुई जोरदार टक्कर, फिर ट्रेलर की चपेट में आया युवक

जानकारी के अनुसार रिमली से जैंतगढ़ की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक की सामने से झारखंड की ओर आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गये. इसी दौरान पीछे से आ रहे भारी ट्रेलर ने सड़क पर गिरे झारखंड के बाइक सवार को कुचल दिया. गंभीर रूप से घायल संजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान

मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड व अन्य दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान टाटानगर निवासी संजय कुमार के रूप में हुई. दूसरी बाइक पर सवार प्रताप पाशी क्षेत्र के दिव्य रंजन पात्रा और चंदन महानथ भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को चंपुआ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

ट्रेलर जब्त, हादसे के कारणों की जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही चंपुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा हादसे में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. इधर, टाटानगर स्थित मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है.