समाचार · छत्तीसगढ़
धमतरी में फ्रिज ब्लास्ट, घर में लगी आग:जरूरत का सामान जला,मां-बेटी बाल-बाल बचीं,दमकल ने एक घंटे के बाद आग पर पाया काबू
धमतरी शहर के लालबगीचा वार्ड में शनिवार (19 सितम्बर) देर रात एक घर में फ्रिज फटने के बाद आग लग गई। तेज धमाके के साथ शुरू हुई आग कुछ ही देर में पूरे घर में फैल गई। हादसे में घर का जरूरी सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, घर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला और उनकी बेटी समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गईं और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना बड़े गौरा चावरा के पीछे स्थित एक घर की है। बताया गया कि अचानक फ्रिज से धुआं निकलने लगा। इसके कुछ देर बाद तेज धमाका हुआ और घर में आग लग गई। पहले निकला धुआं, फिर हुआ तेज धमाका धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। तब तक आग ने घर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया था। पड़ोसियों ने आग बुझाने की कोशिश की और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने की घटना से पूरे वार्ड में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। घर में मौजूद थीं मां-बेटी जानकारी के अनुसार बबीता साहू अपनी मां के साथ इसी घर में रहती हैं। हादसे के समय दोनों घर के अंदर मौजूद थीं। आग फैलने के बावजूद समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया, जिससे दोनों सुरक्षित बच गईं। आग में घर का जरूरी सामान जलकर खाक हो गया है। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी फ्रिज और बिजली के उपकरणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।