समाचार · हरियाणा
हिसार में महिला समेत 2 नशा तस्कर काबू:9,570 नशीली गोलियां बरामद, सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
हिसार में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक सेल ने रविवार को 2 अलग-अलग मामलों में 9,570 नशीली गोलियां बरामद की। इस दौरान एक महिला समेत 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। दोनों तस्करों को कोर्ट में पेश कर पुलिस हिरासत में लिया जाएगा। पुलिस उनसे नशीली गोलियों की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाएगी। कार्टून में नशीली गोलियां लेकर जा रही थी महिला पहली कार्रवाई महाबीर कॉलोनी स्थित रामलीला मैदान के पास हुई। एंटी नारकोटिक सेल की टीम गश्त कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने सिर पर गत्ते का कार्टून लेकर जा रही एक महिला को रोका और उसकी तलाशी ली। कार्टून से 9 हजार 420 नशीली गोलियां बरामद हुईं, जिनका वजन 942 ग्राम था। आरोपी की पहचान महाबीर कॉलोनी निवासी शालू पत्नी सतीश के तौर पर हुई है। उसके खिलाफ थाना एचटीएम में मामला दर्ज किया गया है। नशीली गोलियों समेत युवक गिरफ्तार दूसरी कार्रवाई जीएच मोड़, कपड़ा बाजार के पास हुई। यहां पुलिस ने चंदन नगर निवासी जोगिन्द्र को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 150 गोलियां मिलीं। इनका वजन 15 ग्राम 300 मिलीग्राम था। उसके खिलाफ थाना शहर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस पता लगाएगी कि नशीली गोलियां कहां से लाई गईं और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। सप्लाई के स्रोत तक पहुंचने पर विशेष जोर रहेगा।