Sunday, 20 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पूर्व उपाध्यक्ष बोले- कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनमर्जी से संगठन चला रहे:सीधी में आरोपों पर ज्ञान सिंह बोले- हर व्यक्ति को संतुष्ट करना मुमकिन नहीं

INT News20 September 2026 at 04:53 pm

सीधी जिला कांग्रेस कमेटी में अंदरूनी कलह और गुटबाजी अब खुलकर सामने आ गई है। पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष आकाश सिंह चौहान 'रिंकू' का एक वीडियो तेजी से शेयर हो रहा है, जिसमें उन्होंने जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान के काम करने के तरीके पर गंभीर सवाल उठाए। वहीं, जिलाध्यक्ष ने इन आरोपों पर सफाई देते हुए संगठन की बड़ी जिम्मेदारियों की बात कही है। वीडियो में आकाश सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि जिले में कांग्रेस संगठन सिर्फ एक ही व्यक्ति की मर्जी से चलाया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का दम घुट रहा है। उन्होंने संगठन पर तानाशाही रवैया अपनाने और पार्टी की सोच से भटकने का आरोप लगाया। आकाश सिंह ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग गलतफहमी में हैं कि अजय सिंह उनके कहने पर चलते हैं। उन्होंने दावा किया कि 23 सितंबर को अजय सिंह राहुल के जन्मदिन के मौके पर वे सीधी में कांग्रेस को मजबूत करने को लेकर अपनी बात सभी के सामने मजबूती से रखेंगे। जिलाध्यक्ष ने क्या कहा? इस पूरे विवाद पर जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान ने कहा कि उन्हें इस वीडियो पर कोई खास बयान नहीं देना है। सीधी जिले में कांग्रेस का दायरा काफी बड़ा है और उन्हें चारों विधानसभा क्षेत्रों को संभालना पड़ता है, ऐसे में हर व्यक्ति को खुश रख पाना आसान नहीं होता। ज्ञान सिंह ने कहा कि पार्टी में कोई पद चाहता है, कोई मंच पर आगे बैठना चाहता है, तो किसी को सम्मान की चाह होती है, लेकिन संगठन में नियमों और मर्यादाओं का पालन सबसे जरूरी है। उन्होंने साफ किया कि सीधी कांग्रेस पूरी तरह से पार्टी की तय नीतियों पर ही काम कर रही है।