समाचार · मध्य प्रदेश
'कांग्रेस के 60 साल शासन में विकास नहीं हुआ':मुरैना में सिंधिया बोले- बिजली-पानी और सड़क का नेटवर्क विकसित बीजेपी के आने के बाद हुआ
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुरैना में कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश पर करीब 60 साल शासन किया, लेकिन उसके शासनकाल में पर्याप्त बिजली, पानी और बेहतर सड़कों का नेटवर्क विकसित नहीं हो सका। सिंधिया ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार देश और प्रदेश में विकास के लिए लगातार काम कर रही है। सिंधिया ने मुरैना-ग्वालियर क्षेत्र की बड़ी विकास परियोजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने चंबल से शुरू होने वाले वाटर प्रोजेक्ट को आने वाली पीढ़ियों तक पानी की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। चंबल-कोतवाल डैम से ग्वालियर पहुंचेगा 150 एमएलडी पानी सिंधिया ने बताया कि चंबल और कोतवाल डैम से करीब 21 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के जरिए 150 एमएलडी पानी ग्वालियर पहुंचाया जाएगा। परियोजना का काम अभी चल रहा है। इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य बताया गया है। उन्होंने कहा कि परियोजना से पेयजल की समस्या के समाधान के साथ कृषि क्षेत्र को भी फायदा मिलेगा। सिंचाई के लिए करीब साढ़े पांच लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को लाभ मिलने की बात भी उन्होंने कही। 5200 करोड़ से बनेगा आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेस-वे सिंधिया ने 5200 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेस-वे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे बनने के बाद ग्वालियर से आगरा का सफर करीब 50 मिनट में पूरा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से मांग और आशा थी। सिंधिया ने परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार जताया। बोले- मुरैना, ग्वालियर, भिंड और श्योपुर भी प्राथमिकता सिंधिया ने जनता का अभिनंदन करते हुए कहा कि लोगों का आशीर्वाद उन्हें लगातार ऊर्जा देता है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता केवल गुना-शिवपुरी तक सीमित नहीं है। मुरैना, ग्वालियर, भिंड और श्योपुर का विकास भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि भिंड, मुरैना और ग्वालियर से उनका पारिवारिक नाता है। वे राजमाता द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलने के लिए समर्पित हैं। सिंधिया के बयान के बाद मुरैना में पेयजल, सिंचाई और सड़क कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाएं चर्चा में हैं।